Hamirpur: ग्रामीणों ने जिला पंचायत सदस्य को पीटा, मारपीट व ट्रक को जलाने से रोकने पर हुई घटना, रिपोर्ट दर्ज
Hamirpur News: चार अगस्त को चंडौत गांव में ट्रक की टक्कर से बाइक सवार सफाईकर्मी की मौत हुई थी। इसी दौरान लोगों ने हंगामा करके चालक को पीटा और ट्रक को आग लगाने का प्रयास किया था। मौके पर मौजूद जिला पंचायत सदस्य ने रोकने का प्रयास किया, तो लोगों ने उनको भी पीट दिया।
विस्तार
हमीरपुर जिले में दुर्घटना के बाद चालक से मारपीट व ट्रक में आग लगा रहे ग्रामीणों को जिला पंचायत सदस्य ने रोका। आक्रोशित ग्रामीणों ने गाली गलौज कर जिला पंचायत सदस्य की ही पिटाई कर दी। पीड़ित ने बारह नामजद सहित अज्ञात लोगों के खिलाफ थाने में मुकदमा दर्ज कराया है।
जरिया थाना क्षेत्र के खेड़ा शिलाजीत गांव निवासी जिला पंचायत सदस्य मदन कुमार पासवान ने बताया कि चारअगस्त शाम साढ़े छह बजे चंडौत गांव के शराब ठेका के सामने ट्रक चालक इटावा जिले के चौबिया थाना क्षेत्र के नगला गांव निवासी आशीष कुमार ने बाइक सवार का एक्सीडेंट कर दिया था।
इससे नाराज चंडौत गांव निवासी इंद्रपाल राजपूत, उषा, अंबिका राजपूत, राजेंद्र राजपूत, अलखराम राजपूत, मनीष अहिरवार, अरविंद कुमार, जितेंद्र, शैलेंद्र सिंह व कल्लू तथा अतरौली गांव निवासी पूरन सिंह व पुष्पेंद्र सहित चार-पांच अज्ञात व्यक्ति ट्रक चालक के साथ मारपीट कर ट्रक में आग लगा रहे थे।
लोग लाठी-डंडे से मारपीट करने लगे थे
बताया कि जनप्रतिनिधि होने के नाते चंडौत गांव जा रहे थे। मारपीट करते व ट्रक में आग लगाने का प्रयास करते हुए देखने पर उन्होंने लोगों को अवैधानिक कार्य करने से रोका, तो जातिसूचक गालियां देने लगे। विरोध करने पर सभी ने एक राय होकर लाठी-डंडे से मारपीट करने लगे।
आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
आसपास के लोगों ने दौड़कर बीच बचाव किया। बताया कि यदि राहगीर बीच बचाओ न करते तो आरोपी जान से मार देते। ट्रक में तोड़फोड़ भी कर दी। पीड़ित ने थाने में तहरीर देते हुए कार्यवाही की मांग की है। जरिया थानाध्यक्ष भरत कुमार ने कहा कि तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।