Farrukhabad: वैन की टक्कर से बाइक सवार चाचा-भतीजे समेत तीन की मौत, 10 लोग घायल
फर्रुखाबाद जिले में भीषण सड़क हादसा हुआ। जिसमें चाचा-भतीजे समेत तीन लोगों की मौत हो गई। जबकि 10 लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
फर्रुखाबाद जिले के अमृतपुर में तेज रफ्तार वैन की टक्कर से बाइक सवार चाचा-भतीजे की मौत हो गई। हादसे के बाद वैन खंदक में जाकर पलट गई। इससे वैन सवार व्यापारी ने भी दम तोड़ दिया। वैन में सवार नौ लोग और एक साइकिल सवार छात्र भी घायल हुआ है। हादसा मंगलवार सुबह शाहजहांपुर के दोषपुर मड़ैया गांव के पास हुआ।
वैन सवार लोग गंगा स्नान के लिए जा रहे थे। शाहजहांपुर थाना मिर्जापुर के गांव दोषपुर मड़ैया निवासी भूरे (35) अपने भतीजे नन्हें (20) के साथ गांव दोषपुर स्थित पंप से डीजल लेकर बाइक से घर लौट रहे थे। तभी फोन आने पर भूरे बाइक रोक कर पेट्रोल पंप से कुछ दूरी पर किनारे खड़े होकर बात करने लगा।
इस दौरान अमृतपुर की ओर से जा रही वैन ने भूरे की बाइक में पीछे से टक्कर मार दी। इससे बाइक सवार चाचा-भतीजे उछलकर सड़क पर गिरे और हेलमेट न लगाए होने से दोनों की मौके पर मौत हो गई है। हादसे अनियंत्रित हुई वैन ने कोचिंग पढ़कर साइकिल से घर जा रहे गांव पहाड़पुर निवासी संजय को टक्कर मारकर घायल कर दिया।
इसके बाद वैन सड़क किनारे खंदक में पलट गई। इससे चालक सहित वैन में सवार नौ लोग घायल गए। सूचना पर पहुंची एंबुलेंस से घायलों को लोहिया अस्पताल भेजा गया। वैन सवार शाहजहांपुर थाना तिलहर के गांव राजनपुर निवासी परचून दुकानदार बसंत वर्मा (47) को मृत घोषित कर दिया गया।
इसके अलावा राजनपुर निवासी घायल मधुरानी (40), रामवती (35), भगवान देवी (42 ), वैन चालक विशाल (22), राकेश (70), उर्मिला (47) को लोहिया अस्पताल में भर्ती कर लिया गया। तीन लोगों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जरियानपुर भेजा गया। पुलिस ने बताया कि वैन सवार लोग ढाई घाट गंगा स्नान करने जा रहे थे।