शादी में बवाल: नागिन डांस को लेकर जनाती-बराती भिड़े, दूल्हा जयमाल छोड़कर भागा, फिर ऐसे हुईं रस्में
शाहाबाद कोतवाली क्षेत्र में नागिन डांस को लेकर जनाती और बराती आपस में भिड़ गए। इससे नाराज होकर दूल्हा जयमाल छोड़कर भाग गया। वहीं, पुलिस के आने के बाद समझौता हुआ और विवाह की रस्में पूरी हुईं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हरदोई जिले में शाहाबाद कोतवाली क्षेत्र में शादी में नागिन डांस को लेकर बवाल हो गया। जानकारी के अनुसार, क्षेत्र के एक लॉन में शादी समारोह में नागिन गाने पर डांस को लेकर हुए विवाद में वर और वधू पक्ष के बीच जमकर मारपीट हुई।
इससे नाराज होकर दूल्हा मंडप से जयमाल छोड़कर भाग गया, जिससे खलबली मच गई। बारात वापस लौटती देख पुलिस को सूचना दी गई। इसके बाद सुलह समझौता होकर विवाह संपन्न हुआ। जिला मुख्यालय के पास स्थित एक गांव से शाहाबाद नगर में बरात आई थी।
बरात नगर के एक मैरिज हाल में रूकी थी। बरातियों की जमकर आवभगत की गई, लेकिन द्वारचार के समय नागिन डांस को लेकर जनाती और बराती आपस में भिड़ गए। दोनों तरफ से जमकर हाथापाई हुई। इसमें कुछ बराती घायल हो गए।
दूल्हा नाराज होकर भागा, वैवाहिक स्थल पर मचा हड़कंप
इससे नाराज दूल्हा जयमाल कार्यक्रम छोड़कर बाहर चला गया। बराती वापस जाने लगे, तो वैवाहिक स्थल पर हड़कंप मच गया। काफी मनुहार के बाद भी दूल्हा शादी करने के लिए राजी नहीं हुआ, तब वधू पक्ष की तरफ से पहले पीआरवी फिर कोतवाली पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस ने करवाया समझौता
मौके पर पहुंचे कोतवाल सुरेश कुमार मिश्रा ने दोनों पक्षों को सुनकर सुलह समझौता कराया। इसके बाद रात के डेढ़ बजे जयमाल कार्यक्रम संपन्न हुआ। गुरुवार को वधू की विदाई हुई। कोतवाल सुरेश कुमार मिश्रा ने बताया कि दोनों तरफ के युवकों ने डांस को लेकर शराब के नशे में मारपीट की है।
दोनों पक्षों से नहीं हुई फायरिंग
उन्होंने बताया कि किसी तरफ से फायरिंग नहीं हुई है। दोनों पक्षों में समझौता कराकर शादी रस्में पूरी करवा दी गई हैं। बता दें कि शादी में बवाल के बाद अफरा-तफरी मच गई थी। इसके बाद दूल्हा नाराज होकर चला गया था। समझौता होने के बाद वो वापस लौटा।