UP T-20 League: मनिंदर सिंह बोले- देश के क्रिकेट को नई प्रतिभा देगी लीग, विश्वकप 2023 पर कही ये बात
Kanpur Sports News: विश्वकप 2023 पर मनिंदर सिंह ने कहा टीम काफी संतुलित है। बस जरूरत है, सभी को अपना सौ प्रतिशत प्रदर्शन देने का। ऐसे में ओपनर्स को अच्छी शुरुआत, तो करनी ही होगी।
विस्तार
जिस प्रकार से यूपी टी-20 लीग के मुकाबलों में रोमांच और परिणाम दोनों की आ रहे हैं। उससे यह लीग पूरे देश में काफी हिट हो रही है। यह लीग यूपी क्रिकेट व युवा खिलाड़ियों के लिए संजीवनी का काम करेगी। ये बातें पूर्व क्रिकेटर और वर्तमान में कमेंटेटर के तौर पर ग्रीनपार्क स्टेडियम में आए मनिंदर सिंह ने कही।
उन्होंने कहा कि इस प्रकार की क्रिकेट लीग से अंडर-17, 19 व 23 के लिए खेलने वाले जूनियर खिलाड़ियों को अच्छा मौका मिल रहा है। अभी तक के मैचों में सीनियर से ज्यादा जूनियर खिलाड़ियों ने प्रभावित किया है। इसमें स्वास्तिक चिकारा, विनीत पनवार, आराध्या जैसे खिलाड़ी बेहतर प्रदर्शन करके सीनियर के लिए खतरे की घंटी बजा रहे हैं।
अब यूपी के खिलाड़ियों को अपनी मंजिल तक जाने के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। किन खिलाड़ियों को भविष्य में यूपी, आईपीएल और टीम इंडिया में देखते हैं..इस सवाल पर उन्होंने कहा कि लीग में समीर रिजवी, स्वास्तिक चिकारा, आराध्या, अभिषेक गोस्वामी और अंश यादव ने अपनी बल्लेबाजी से सबसे अधिक प्रभावित किया है।
अब टी-10 पर काफी चर्चा हो रही है
वहीं, अंतिम के ओवरों में मो. शारिम तेजी से रन बनाने के लिए बेहतर विकल्प है। ठीक उसी प्रकार से गेंदबाजों में विनीत ने सबसे अधिक प्रभावित किया है। इन सभी को भविष्य में होने वाले आईपीएल, यूपी टीम और टीम इंडिया तक देखता हूं। टेस्ट, वनडे और टी-20 के बाद अब टी-10 पर काफी चर्चा हो रही है।
अधिक से अधिक मनोरंजन ही क्रिकेट का उद्देश्य
क्या इससे बड़े फार्मेट के क्रिकेट को नुकसान नहीं होगा..के जवाब में मनिंदर सिंह ने कहा कि वर्तमान में सभी चीजों में बदलाव हो रहा है। ऐसे में टी-20 के बाद टी-10 आएगा, तो इसमें किसी को कोई अपत्ति नहीं होनी चाहिए। वर्तमान में लोगों के पास समय नहीं है। ऐसे में कम से कम समय में अधिक से अधिक मनोरंजन ही क्रिकेट का उद्देश्य भी है।
तेज और स्पिन गेंदबाजों का संतुलन ही दिलाएगा जीत
विश्वकप 2023 में आप टीम इंडिया को कैसे देखते हैं। इस बारे में मनिंदर सिंह ने कहा टीम काफी संतुलित है। बस जरूरत है, सभी को अपना सौ प्रतिशत प्रदर्शन देने का। ऐसे में ओपनर्स को अच्छी शुरुआत तो करनी ही होगी। साथ ही मध्यक्रम में बल्लेबाजों को विकेट फेंकने के स्थान पर विकेट पर टिकना बेहद जरूरी है। साथ ही तेज और स्पिन गेंदबाजों का संतुलन ही टीम को जीत दिलाएगा।