{"_id":"8a7a70bb3eedfa780a1862b7a7c819af","slug":"up-board-exam-arrangements-fell-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"यूपी बोर्ड परीक्षा में व्यवस्थाएं फेल","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
यूपी बोर्ड परीक्षा में व्यवस्थाएं फेल
अमर उजाला ब्यूरो/कानपुर
Updated Fri, 19 Feb 2016 02:13 AM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
यूपी बोर्ड की हाईस्कूल-इंटरमीडिएट परीक्षा पहले ही दिन अव्यवस्था की भेंट चढ़ गई। गुरुवार को परीक्षा में लगाए गए शिक्षक रिलीज न होने से 70 फीसदी कक्ष निरीक्षक ड्यूटी पर नहीं पहुंचे।
विज्ञापन
ऐसे में बाबुओं और अतिरिक्त शिक्षकों ने किसी तरह परीक्षा पूरी कराई। वहीं, पहली बार मोबाइल एप से नोडल सेंटर और बोर्ड को परीक्षार्थियों की उपस्थिति-अनुपस्थिति भेजने के निर्देश ने केंद्र व्यवस्थापकों को खूब छकाया। नेटवर्क और वेबसाइट बार-बार ठप होने से केंद्र व्यवस्थापक तय समय पर ब्योरा नहीं भेज पाए।
विज्ञापन
उधर, हाईस्कूल में दो और इंटरमीडिएट परीक्षा में एक नकलची पकड़ा गया। उधर, सुबह की पाली में हाईस्कूल में हिंदी की परीक्षा में चाचा नेहरू इंटर कालेज मझावन और भजनलाल इंटर कालेज गबड़हा में एक-एक परीक्षार्थी नकल करते पकड़ा गया।
विज्ञापन
प्राप्त आंकड़ों के मुताबिक, हाईस्कूल में 68,724 परीक्षार्थी पंजीकृत हुए थे। इनमें 4069 अनुपस्थित रहे। वहीं, इंटरमीडिएट
परीक्षा के पहले दिन 58,667 में से 4241 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। इसके अलावा गुरप्रसाद पार्वती इंटर कालेज में एक नकलची पकड़ा गया।
रिक्शे, साइकिल और बाइकों से लाए कापियां
परीक्षा के बाद कापियां सुरक्षित साधन से संकलन केंद्र जीआईसी में लाकर जमा करने के निर्देश हैं। पर, अधिकांश केंद्र साइकिल, रिक्शा, स्कूटी और बाइक में कापियां बांधकर लाते दिखे।
मदन मोहन अग्रवाल बालिका, सुभाष इंटर कालेज, चाचा नेहरू मझावन, हलीम मुस्लिम, महेश मेहर, राजकीय इंटर कालेज खेरसा और शिवनाथ शिवदास मौर्य सरसौल सहित दर्जनों केंद्र दोपहर 2 बजे तक रिक्शे, बाइक और साइकिल से कापियों के बंडल लाते रहे।
लापरवाही पर संकलन केंद्र ने शुक्रवार से सभी केंद्रों को कापियां सुरक्षित गाड़ियों में लाने और परीक्षा समाप्त होने से डेढ़ घंटे के भीतर कापियां जमा करने निर्देश दिए हैं।
नहीं पहुंची पुलिस
परीक्षा के दौरान अधिकांश बालिका केंद्रों में महिला पुलिस नहीं पहुंची। कई अन्य केंद्रों पर भी पुलिस नदारद दिखी। चाचा नेहरू गोविंद नगर और मोहन विद्या मंदिर में पुलिस न पहुंचने पर कालेज के शिक्षक और कर्मचारियों ने गेट पर ड्यूटी की।
सामान गेट के बाहर
बोर्ड केंद्रों में परीक्षार्थियों की खूब तलाशी ली गई। नकल रोकने के लिए जूते-मोजे पहन कर आए परीक्षार्थियों के जूते-मोजे उतरा लिए गए। कई केंद्रों में आई कार्ड, पर्स, बेल्ट, स्टोल और पॉलिथीन आदि सामान केंद्र के बाहर रखवा गया।
कक्ष निरीक्षकों को रिलीव करने के निर्देश
बोर्ड परीक्षा के पहले दिन डीआईओएस ने अपनी टीम के साथ सुबह की पाली में चाचा नेहरू मझावन, सीपीसी सुधौली, सीएल मेमोरियल भीतरगांव, पंडित बेनी प्रसाद, श्री रत्न शुक्ल सहित शाम की पाली में आठ केंद्रों का निरीक्षण किया। उधर, उन्होंने कक्ष निरीक्षकों के केंद्र में न पहुंचने पर नाराजगी जताई।
बताया कि सभी कालेजों के निर्देश दिए गए हैं कि वे कक्ष निरीक्षक की ड्यूटी पर लगे शिक्षकों को अपने कालेज से तुरंत रिलीव कर दें ताकि परीक्षा व्यवस्था बनी रहे।
मनमानी का आलम
परीक्षा में 239 परीक्षा केंद्रों में अलग-अलग कमरों की ड्यूटी पर लगाए गए कक्ष निरीक्षकों और परीक्षा ड्यूटी पर लगाए गए चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों ने भी खूब मनमानी की। पहली पाली में जीआईसी चुन्नीगंज में जहां 16 में सिर्फ चार कक्ष निरीक्षक ड्यूटी पर पहुंचे। वहीं, छह चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों में एक भी केंद्र नहीं पहुंचा।
कापियां जमा कर रहे संकलन नियंत्रक शिक्षकों ने खुद ही बंडल उठाए। इसके अलावा चाचा नेहरू मझावन, महेश मेहर और जीआईसी के केंद्रों सहित कई जगह कक्ष निरीक्षक नहीं पहुंचे। कें द्रों ने इसकी लिस्ट डीआईओएस को दी है।
बिना कोडिंग कापियां
श्री गांधी स्मारक कालेज में बिना कोडिंग की कई कापियां मिली। कई कापियां ऐसी भी थीं जिनके ऊपर कोडिंग नहीं थी पर भीतर थी। केंद्र व्यवस्थापक जय सिंह यादव ने बताया कि कई कापियों में सात डिजिट की बजाय सिर्फ पांच डिजिट कोड प्रिंट था। केंद्र व्यवस्थापक मो. शोएब ने बताया, ऐसी कापियां अलग रख दी गई हैं।
नहीं पहुंचे बच्चे
बोर्ड परीक्षा में सरस्वती इंटर कालेज, चकरपुर (2013-14) के जिन 30 परीक्षार्थियों को कोर्ट के आदेशानुसार इस बार परीक्षा में बैठाया गया था। गुरुवार को उनमें से दो परीक्षार्थियों को जीआईसी चुन्नीगंज में हाईस्कूल हिंदी की परीक्षा देनी थी। केंद्र व्यवस्थापक ने बताया कि दोनों अनुपस्थित रहे।