Unnao: लाउडस्पीकर का तार जोड़ते समय करंट से युवक की मौत, शिवाले में मानस पाठ की तैयारी के दौरान हादसा
Unnao News: हसनगंज के रफीगढ़ी में मंदिर में मानस पाठ की तैयारी के दौरान लाउडस्पीकर जोड़ रहे युवक की करंट लगने से मौत हो गई। मृतक गांव में बिजली की दुकान चलाता था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
विस्तार
उन्नाव जिले में हसनगंज कोतवाली क्षेत्र के रफीगढ़ी गांव में रविवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। गांव के बाहर स्थित शिव मंदिर में रामचरित मानस पाठ की तैयारी कर रहे एक युवक की करंट लगने से मौत हो गई। रफीगढ़ी निवासी धर्मवीर सिंह (32) पुत्र शिवबक्श सिंह रविवार को मंदिर परिसर में आयोजन की तैयारी में जुटे थे।
इसी दौरान लाउडस्पीकर का कनेक्शन करते समय वह गंभीर रूप से झुलस गए। परिजन आनन फानन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। धर्मवीर की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी नेहा, मां लक्ष्मी, बहन रिंकी का रो-रोकर बेहाल हो गए।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
किसी को यकीन नहीं हो रहा कि भक्ति की तैयारी में जुटे धर्मवीर अब इस दुनिया में नहीं रहे। बता दें कि धर्मवीर गांव के बाहर ही इलेक्ट्रॉनिक की दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते थे। कोतवाल शरद कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।