Unnao: कर्ज चुकाने के लिए बेचना चाहते थे जमीन, बेटे ने गड़ासे से काट दी पिता की गर्दन, फरार आरोपी की तलाश
Unnao News: उन्नाव के बगहा गांव में एक बिसुआ जमीन बेचने के विवाद में बड़े बेटे ने पिता की हत्या कर दी। बुजुर्ग पिता सोसायटी का कर्ज चुकाने के लिए जमीन बेचना चाहते थे, जिसका आरोपी बेटा विरोध कर रहा था।
विस्तार
उन्नाव जिले में सोहरामऊ थाना के बगहा गांव में जमीन बेचने के विवाद में बेटे ने पिता की गर्दन पर गड़ासे से वार कर हत्या कर दी। वारदात के बाद हत्यारोपी बेटा भाग गया। पुलिस ने शुरुआती जांच के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
सोहरामऊ थानाक्षेत्र के बगहा गांव निवासी गंगाप्रसाद (63) खेती करते थे। उनके चार बच्चों में बड़े बेटे धर्मेंद्र से एक बिसुआ जमीन बेचने को लेकर विवाद चल रहा था। तीन बेटे पिता के पक्ष में थे। बड़ा बेटा विरोध कर रहा था। पिता के न मानने पर शुक्रवार सुबह गड़ासे से गर्दन पर वार कर हत्या कर दी।
मृतक पर सोसायटी का कुछ कर्ज था
हत्या की सूचना पर सीओ और थानाध्यक्ष ने मौके पर पहुंचे जांच की। थानाध्यक्ष अरविंद कुमार पांडेय ने बताया कि मृतक पर सोसायटी का कुछ कर्ज था। उसी को अदा करने को लेकर वह जमीन बेचना चाहता था। इसी विवाद में हत्या हुई है। मामले की जांच की जा रही है।