उन्नाव सड़क हादसा: अनियंत्रित होकर खंती में गिरी कार, दो की मौत और तीन घायल, लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर
Unnao News: थानाध्यक्ष भवन सिंह मौर्य ने बताया कि तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर खंती में गिरने से दो की मौत हुई है। तीन लोग घायल हुए हैं, जिन्हें लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कराया गया है।
विस्तार
उन्नाव जिले में मौरावां-मोहनलालगंज मार्ग पर लखनऊ की तरफ से आ रही तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर खंती में जाकर पलट गई। घटना में कार चालक सहित दो की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना पर एसओ फोर्स के साथ पहुंचे और घायलों को स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया।
यहां डॉक्टर ने दो को मृत घोषित किया, जबकि तीन को गंभीर हालत में लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया है। गाड़ी की रफ्तार इतनी तेज थी कि उसके परखच्चे उड़ गए। लखनऊ के मोहल्ला शांति नगर निवासी रामबिलास यादव का पुत्र विपिन यादव (29) अपनी कार से निकले थे।
उनके साथ, पड़ोसी रज्जनलाल के बेटे मोहित कुमार (28), यदुनाथ यादव के पुत्र विवेक कुमार (35), अंबिका यादव के पुत्र राजवीर (25) और लखनऊ के रुचिखंड निवासी सर्वेश यादव के पुत्र पंकज (20) के साथ गुरुवार रात करीब नौ बजे घर में बिना बताए सभी निकले थे।
तेज थी रफ्तार, कार के उड़ गए परखच्चे
कार विपिन यादव की थी और वही चला रहा था। मौरावां-मोहनलालगंज मार्ग पर कुदरा गांव के पास शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खंती में चली गई। रफ्तार इतनी तेज थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। घटना में मोहित उर्फ छोटू और विपिन यादव की घटनास्थल पर मौत हो गई।
गंभीर घायल लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर
वहीं, तीन दोस्त घायल हुए हैं। घटना की सूचना पर मौरावां थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सभी को एम्बुलेंस से स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। डॉक्टर ने विपिन और मोहित को मृत घोषित कर दिया। वहीं, तीन की हालत गंभीर देख लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया है। सीओ दीपक सिंह ने भी घटनास्थल पर पहुंच जांच की है।