Unnao: कार की टक्कर से साइकिल सवार किसान की मौत, ग्रामीणों ने चालक को पकड़ कर पुलिस को सौंपा
Unnao News: मौरावां-रायबरेली मार्ग पर सड़क हादसा हुआ। कार की टक्कर से साइकिल सवार किसान की मौत हो गई।
विस्तार
खेत की रखवाली करने जा रहे साइकिल सवार किसान की मौरावां-रायबरेली मार्ग पर कार की टक्कर से मौत हो गई। ग्रामीणों ने भागने का प्रयास कर रहे चालक को कार सहित पकड़ लिया और पुलिस को सौंप दिया। थानाक्षेत्र के पुरानी बाजार निवासी अब्दुल रज्जाक (62) बुधवार रात 8:30 बजे साइकिल से खेत जा रहे थे। मौरावां- रायबरेली मार्ग पर उन्नतखेड़ा गांव के पास कार की टक्कर से अब्दुल रज्जाक सड़क पर गिर गया।
चालक ने कार लेकर भागने की कोशिश में एक बाइक सवार को भी टक्कर मार दी। गनीमत रही कि उसे चोट नहीं आई। ग्रामीणों ने घेर कर कार को रोक लिया और पुलिस को सौंप दिया। घायल को स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। मृतक के बेटे राजू ने बताया कि पिता फसल की रखवाली करने जाते थे। पति की मौत से पत्नी इस्मतुन व बच्चे बेहाल हैं। थानाध्यक्ष चंद्रकांत सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। चालक कार सहित कब्जे में है। तहरीर आने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।