कानपुर सड़क हादसा: अनियंत्रित डंपर घर में घुसा, चालक को झपकी आने से हुआ हादसा, बेटी की मौत और पिता घायल
Kanpur Accident: जहांगीराबाद गांव में तेज रफ्तार अनियंत्रित डंपर एक घर मे जा घुसा। हादसे में घर के बाहर सो रहा पिता गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं, बेटी की दर्दनाक मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
विस्तार
कानपुर में घाटमपुर कोतवाली क्षेत्र के जहांगीराबाद गांव में भीषण सड़क हादसा हो गया। इसमें तेज रफ्तार डंपर अनियंत्रित होकर घर में घुस गया। हादसे में बेटी की मौत हो गई, जबकि पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल भेजा है।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार तड़के सुबह 4:30 बजे कानपुर की ओर से आ रहा डंपर अनियंत्रित हो गया। इसके बाद सड़क किनारे घर में जा घुसा, जिससे घर के बाहर सो रहा शीबू उर्फ मो. सरताज (30) पुत्र कमरूद्दीन घायल हो गया। वहीं, हुमैरा (3-4) पुत्री शीबू की मृत्यु हो गई।
थाना घाटमपुर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की है। वहीं, कमरूद्दीन ने बताया कि देर रात उनका बेटा सरताज अपनी बेटी के साथ घर के बहार सोया हुआ था। इस दौरान तेज रफ़्तार अनियंत्रित डंपर घर में घुस गया। हादसे मे पोती की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया।
तहरीर के आधार पर होगी अग्रिम कार्रवाई
जानकारी मिलते मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को घाटमपुर सीएचसी पहुंचाया, जहां से उसे हैलट अस्पताल रेफर कर दिया गया। मामले मे घाटमपुर थाना प्रभारी ने बताया कि बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।