Kannauj: जयंती से दो दिन पहले बाबा साहब की मूर्ति क्षतिग्रस्त, आक्रोशित लोगों का हंगामा, प्रशासन ने नई लगवाई
Kannauj News: तिर्वा कोतवाली क्षेत्र में बाबा साहब भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा का अराजकतत्वों ने क्षतिग्रस्त कर दिया। प्रशासन ने आनन-फानन में ओरैया जनपद के अजीतमल से नई प्रतिमा को मंगवाकर स्थापना कर दी
विस्तार
कन्नौज जिले में तिर्वा कोतवाली क्षेत्र के पाला गांव में स्थापित बाबा साहब भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा को गुरुवार देर रात अराजकतत्वों ने क्षतिग्रस्त कर दिया। सुबह जानकारी होने पर लोगों के बीच रोष व्याप्त हो गया। मौके पर बड़ी संख्या में भीड़ जुटना शुरू हो गई। घटना की जानकारी होते ही कोतवाल जेपी गंगवार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए।
लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की। लोगों ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्जकर घटना के खुलासे को लेकर मांग की। माहौल बिगड़ता देख एएसपी संसार सिंह, छिबरामऊ सदर सीओ ओमकार शर्मा, सदर कोतवाल दिग्विजय सिंह, ठठिया थानाध्यक्ष किशनपाल, इंदरगढ़ थानाध्यक्ष आंनद मिश्रा भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए।
पुलिस अधिकारियों से बाबा साहेब पर माल्यार्पण कराया
एएसपी ने सभी लोगों को शांत कराया और रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश दिए। प्रतिमा क्षतिग्रस्त हो जाने से प्रशासन ने आनन-फानन में ओरैया जनपद के अजीतमल से नई प्रतिमा को मंगवाकर स्थापना कर दी। प्रतिमा की स्थापना के बाद वहां मौजूद लोगों ने एएसपी समेत सभी पुलिस अधिकारियों से बाबा साहेब पर माल्यार्पण कराया।