Kanpur: खेरेश्वर घाट पर फिर दो भाई डूबे, छोटे भाई की मौत…बड़े को ग्रामीणों ने बचाया, परिजनों में कोहराम
Kanpur News: शिवराजपुर क्षेत्र के खेरेश्वर सरैया गंगा घाट पर सुबह स्नान करते समय युवक की डूब कर मौत हो गई। वहीं, ग्रामीणों ने बड़े भाई को बचा लिया।
विस्तार
कानपुर के बिल्हौर में गुरुवार को शिवराजपुर क्षेत्र के प्रसिद्ध खेरेश्वर सरैया गंगा घाट पर सुबह स्नान करते समय युवक की डूब कर मौत हो गई। घाट पर मौजूद ग्रामीणों और स्थानीय गोताखोरों की मदद से बड़े भाई को बचा लिया गया। हालांकि, छोटे भाई की डूबकर मौत हो गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने डूबे हुए युवक को शिवराजपुर सरकारी अस्पताल ले गई। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजन संतुष्ट न होने पर उसे कानपुर के प्राइवेट अस्पताल में ले गए। सुबह छह बजे मस्वानपुर कल्याणपुर से स्नान करने आए पांच दोस्तों में दो सगे भाई थे।
इसमें नहाते समय छोटे भाई की गहरे जल में चले जाने के कारण डूब कर मृत्यु हो गई। शिवनगर मसवानपुर थाना रावतपुर निवासी प्रशांत तिवारी (20) पुत्र बृजकिशोर तिवारी अपने बड़े भाई मुकुल तिवारी और अन्य साथी राजा बाबू ,ऋषभ शर्मा और रोहित के साथ सुबह छह बजे खेरेश्वर सरैया घाट पर स्नान करने के लिए आए थे।
ग्रामीणों और गोताखोरों ने बडे भाई को बचाया
स्नान करते समय प्रशांत तिवारी और उसका बड़ा भाई मुकुल तिवारी डूबने लगे। इसमें घाट पर मौजूद लोगों की मदद से मुकुल तिवारी को डूबने से बचा लिया गया, लेकिन छोटा भाई प्रशांत तिवारी गहरे जल में समा गया। गोताखोरों ने आनन-फानन में उसे बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मृत्यु हो चुकी थी।
खेरेश्वर सरैया घाट बना डेथ पॉइंट
इस घाट पर स्नान करने आए 12 दिनों में पांच लोगों की डूब कर मृत्यु हो चुकी है। 19 मार्च को रामनगर मन्धना निवासी मयंक तिवारी और ठीक दूसरे दिन 20 मार्च को अंत्येष्टि में आए जगनपुर रूरा निवासी रामजी पांडे और 24 मार्च को कस्बे के लक्ष्य बाजपेई उर्फ दीप व उसके साथी श्लोक अवस्थी की एक साथ डूब कर मृत्यु हो चुकी है। इतनी घटनाएं हो जाने के बाद भी स्नान करने वाले भक्त जागरूक नहीं हो सके। अपनी जान जोखिम में डालकर गहरे जल में स्नान करने के लिए उत्सुक रहते हैं।