Unnao: पेट्रोल पंप पर फायरिंग कर लूटे ढाई लाख, CCTV में कैद हुई घटना, पुलिस बोली- परिचित का हाथ होने की आशंका
Unnao Crime: लखनऊ-कानपुर हाईवे पर बुधवार देर रात पेट्रोल पंप पर बदमाशों ने फायरिंग कर ढाई लाख रुपये लूट लिए। यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच कर रही है।
विस्तार
उन्नाव जिले में लखनऊ-कानपुर हाईवे पर सोहरामऊ थाना क्षेत्र में पेट्रोल पंप पर बुधवार देर रात बाइक सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने फायरिंग कर कर्मियों (सेल्समैन) से ढाई लाख रुपये लूट लिए। कर्मियों के साथ मारपीट भी की गई। गुरुवार सुबह पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।
सीसीटीवी फुटेज में बदमाशों की तस्वीर कैद हुई है। हाईवे पर भल्ला फार्म स्थित हिंदुस्तान पेट्रोलियम के फिलिंग स्टेशन (पेट्रोल और सीएनजी) पर देर रात करीब 1:30 बजे सफेद रंग की बिना नंबर की अपाचे बाइक सवार नकाबपोश बदमाश पहुंचे। कर्मियों ने बताया कि बदमाश नवाबगंज टोल प्लाजा की ओर से आए थे।
दहशत फैलाने के लिए हवाई फायर भी किए। कर्मचारी सरवन के मुताबिक दहशत में उसने एक बदमाश को नोटों का बैग थमा दिया। इसके बाद बदमाश केबिन में आराम कर रहे पेट्रोल पॉइंट पर तैनात कर्मी संजय के पास पहुंचे और तमंचा दिखाकर उससे भी पेट्रोल बिक्री की रकम लूट ली।
बदमाश करीब ढाई लाख रुपये लूट ले गए
इस दौरान बदमाशों को देखकर सीएनजी मशीन पर तैनात रवि ने भागने का प्रयास किया, लेकिन बदमाशों ने उसे भी पकड़ लिया और उससे भी बिक्री के रुपयों वाला बैग छीन लिया। तीनों कर्मियों से बदमाश करीब ढाई लाख रुपये लूट ले गए। घटना की सूचना पर रात में ही पेट्रोल पंप मालिक राजेश सिंह भल्ला के साथ पुलिस पहुंची।
कैमरों में लूट की पूरी घटना रिकॉर्ड हुई
गुरुवार सुबह एसपी सिद्धार्थ शंकर मीना, एएसपी एसपी शशिशेखर सर्विलांस सेल टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण कर वहां लगे कैमरे चेक किए। कैमरों में लूट की पूरी घटना रिकॉर्ड हुई है। पेट्रोल पंप के मैनेजर मुन्नीलाल की तहरीर पर पुलिस ने लूट की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की है।
किसी परिचित का हाथ होने की आशंका
पुलिस सूत्रों के अनुसार जिस तरह से वारदात को अंजाम दिया गया है। उससे किसी परिचित के शामिल होने का शक है। पुलिस के अनुसार पंप पर रात के समय स्टॉफ की मौजूदगी, कैमरे लगे होने आदि की पूरी जानकारी लुटेरों को पहले से थी। पुलिस को पंप के पूर्व व वर्तमान कर्मियों व उनके परिचितों आदि की जानकारी जुटा रही है।