कानपुर: सीएम ग्रिड की बदहाली से व्यापारी का टूटा पैर, विरोध में सड़क पर उतरा व्यापारिक संगठन; मुआवजे की मांग
Kanpur News: सीएम ग्रिड योजना के तहत सड़क की बदहाली और जगह-जगह बने गड्ढों के विरोध में बृहस्पतिवार को व्यापारियों ने वाई ब्लॉक किदवईनगर में प्रदर्शन किया। भारतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के प्रदेश अध्यक्ष ज्ञानेश मिश्र और गड्ढे में गिरकर घायल हुए व्यापारी सुनील मिश्र के नेतृत्व में व्यापारियों ने सड़क पर नारेबाजी की।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
प्रदर्शन के दौरान हादसे में घायल व्यापारी को मुआवजा देने और सड़क के गड्ढों को जल्द भरवाने की मांग उठाई गई। व्यापारियों ने कहा कि सीएम ग्रिड योजना के चलते पहले से ही क्षेत्र में कारोबार प्रभावित हो रहा है। इसके बावजूद सड़क की स्थिति में सुधार नहीं होने से वाहन चालकों और राहगीरों के लिए खतरा बढ़ गया है। व्यापारियों ने चेतावनी दी कि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
गड्ढे में गिरकर व्यापारी का पैर टूटा
किराना व्यापारी सुनील मिश्र बृहस्पतिवार को एक्सप्रेस रोड स्थित अपनी दुकान बंद करके मोटरसाइकिल से किदवईनगर स्थित घर लौट रहे थे। यूपी किराना सेवा समिति स्कूल के आगे राम मिष्ठान भंडार के सामने पहुंचते ही उनकी बाइक अचानक सड़क पर बने बड़े गड्ढे में जा गिरी।
हादसे में सुनील मिश्र के दाहिने पैर की दो जगह से हड्डी टूट गई। हादसे के बाद उनका उपचार कराया गया। घटना को लेकर व्यापारियों में नाराजगी है। उनका कहना है कि सड़क पर गड्ढे होने के कारण आए दिन लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है और हादसे का खतरा बना हुआ है।
व्यापारियों ने मांगा मुआवजा
प्रदर्शन के दौरान व्यापारियों ने गड्ढे में गिरकर घायल हुए सुनील मिश्र को मुआवजा देने की मांग की। व्यापारियों का कहना था कि सड़क की बदहाली के कारण यदि कोई व्यापारी या राहगीर हादसे का शिकार होता है तो इसकी जिम्मेदारी तय होनी चाहिए।
प्रदेश अध्यक्ष ज्ञानेश मिश्र ने कहा कि सीएम ग्रिड योजना के काम के कारण पहले से ही व्यापार प्रभावित है। अब नगर निगम की लापरवाही से व्यापारी सड़क हादसों का शिकार हो रहे हैं। उन्होंने सड़क निर्माण और गड्ढों को भरने का काम जल्द शुरू कराने की मांग की।
समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन तेज करने की चेतावनी
व्यापारियों ने कहा कि सड़क निर्माण और गड्ढों को भरने का काम जल्द शुरू नहीं हुआ तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। प्रदर्शन में विजय गुप्ता, अशोक शुक्ला, मनीष गुप्ता, कमल त्रिपाठी, विनायक पोद्दार, संजय भदौरिया, पवन गौड़, बालकृष्ण गुप्ता, जय कुमार शर्मा, प्रखर श्रीवास्तव और गोपाल शुक्ला समेत कई व्यापारी मौजूद रहे।