Kanpur: एक अप्रैल से बढ़ेगा टोल टैक्स, प्रयागराज जाना होगा ज्यादा महंगा...50-60 फीसदी की होगी बढ़ोतरी
चकेरी-प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग पर सर्वाधिक 50-60 फीसदी की बढ़ोतरी होगी। वहीं,दिल्ली, सागर, झांसी, लखनऊ मार्ग पर भी टोलटैक्स बढ़ाने की तैयारी है।
विस्तार
एक अप्रैल से राष्ट्रीय राजमार्गों पर सफर करना और महंगा हो जाएगा। दिल्ली, सागर, झांसी, लखनऊ राजमार्ग पर पड़ने वाले टोल टैक्स पर इजाफे की तैयारी एनएचआई ने की है। हालांकि सर्वाधिक बढ़ोतरी चकेरी - प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग पर होगी।
इस रूट पर पड़ने वाले दो टोल पर 50 से 60 फीसदी की बढ़ोतरी की गई है। दरअसल, एनएचएआई चकेरी से प्रयागराज राजमार्ग पर 145 किलोमीटर दूर कोखराज तक चौड़ीकरण करा रहा है। इसे चार लेन से छह लेन करने का 99 प्रतिशत कार्य हो चुका है।
यह कार्य पीएनसी 2019 से कर रही है। प्रयागराज तक दो टोल प्लाजा बड़ौरी और कटोघन हैं। बड़ौरी में कार सहित अन्य चार पहिया वाहनों का टोल टैक्स 70 रुपये एक तरफ का पड़ता है। 24 घंटे में वापसी करने पर दोनों तरफ का शुल्क 105 रुपये है।
50 से 60 फीसदी की बढ़ोतरी
अनुमानित दर के अनुसार 50 से 60 फीसदी की बढ़ोतरी के साथ लगभग 105 रुपये एक तरफ का टैक्स हो सकता है। वहीं, कटोघन का एक तरफ का 55 रुपये टैक्स है। 24 घंटे में वापसी करने पर 85 रुपये है। अनुमानित दर 70 से 75 रुपये एक तरफ की हो सकती है।
मंत्रालय को भेजा गया है प्रस्ताव
एनएचएआई के एक अधिकारी ने बताया कि टोलटैक्स बढ़ाने का प्रस्ताव तैयार कर मंत्रालय भेज दिया है। वहां से दो-चार दिन में इस पर अंतिम निर्णय होने की संभावना है। हालांकि इसका फैसला एक अप्रैल से कुछ दिन पहले किया जाएगा।
इन रूट्स पर भी बढ़ेगा टैक्स
31 मार्च की रात 12 बजे के बाद बढ़ा हुआ टोलटैक्स वसूला जाएगा। इसी तरह लखनऊ राजमार्ग पर नवाबगंज स्थित, दिल्ली राजमार्ग पर बाराजोड़ टोलप्लाजा, सागर मार्ग पर स्थित अलियापुर व खन्ना टोल प्लाजा, झांसी रूट के टोल प्लाजा पर भी बढ़ोतरी की तैयारी है।
कानपुर-प्रयागराज राजमार्ग पर 2019 से टोलटैक्स बढ़ाया नहीं गया है, इस मार्ग को छह लेन करने का कार्य इसी माह पूरा हो जाएगा। कौशांबी में कुछ मार्गों के आसपास सर्विसलेन का काम बचेगा जो बाद में करा लिया जाएगा। टोलटैक्स 50 से 60 प्रतिशत बढ़ेगा। -अमन रोहिल्ला, परियोजना निदेशक, एनएचएआई