Kanpur: भूमाफिया की लिस्ट में जय बाजपेई की भाभी समेत तीन और महिलाएं, 102 को चिह्नित कर चुकी है पुलिस
Kanpur Crime: नई भूमाफिया की लिस्ट में पुराने माफियाओं के अलावा पांच नए लोगों शामिल किया गया है। इनमें जय बाजपेई की भाभी समेत तीन महिलाएं भी शामिल हैं। बता दें कि केडीए के अभिलेखों में सबसे ज्यादा भूमाफिया हैं।
विस्तार
कानपुर में राजस्व विभाग की ओर से बनाई गई भूमाफिया की सूची में विकास दुबे के खजांची जय बाजपेई की भाभी प्रभा बाजपेई समेत तीन महिलाओं को शामिल किया गया है। हालांकि करोड़ों की संपत्ति जब्त करने के बाद भी पुलिस ने सपा विधायक और वसी गैंग को भूमाफिया की लिस्ट में शामिल नहीं किया है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आदेश के बाद राजस्व विभाग ने 35 भूमाफिया की लिस्ट जारी की है। इस लिस्ट में जय के भाई रजय बाजपेई की पत्नी प्रभा बाजपेई, गुजैनी से पूनम निषाद और सुमन का नाम शामिल किया गया है। वहीं बिधनू से बृजेंद्र सिंह चौहान और इंद्रेश सिंह चौहान का भी नाम शामिल है।
कल्याणपुर और कोतवाली से एक-एक, बिठूर से आठ, गुजैनी से 14, कोहना से प्रशांत शुक्ला, नजीराबाद से तीन, चौबेपुर से दो, ककवन और बिल्हौर से एक-एक भूमाफिया शामिल हैं। यह सभी शातिर अपराधी है। कइयों पर अलग-अलग थानो में संगीन मुकदमें भी दर्ज हैं।
कई पर गैंगस्टर और संपत्ति जब्तीकरण की हुई कार्रवाई
पुलिस ने चकेरी में तीन पर गैंगस्टर, चार पर गुंडा एक्ट व तीन की हिस्ट्रीशीट खोली है। वहीं कल्याणपुर में तीन पर गैंगस्टर, पनकी में पिंटू सिंह हत्याकांड के आरोपी असीम उर्फ पप्पू स्मार्ट और उसका भाई सऊद भी माफियाओं की लिस्ट में शामिल है। इसके अलावा चकेरी से संदीप, सुधीर शुक्ला, सुरेश पाल जैसे भूमाफिया चिह्नित किए गए हैं।
कमिश्नरी पुलिस ने चिह्नित किए हैं 102 भूमाफिया
कमिश्नरी पुलिस ने बर्रा के पवन सक्सेना और सुमित अवस्थी पर कार्रवाई की है। वहीं कल्याणपुर से अशोक शुक्ला उर्फ लाली, सुरेंद्र पाल, दलवीर सिंह समेत पांच को भूमाफिया की लिस्ट में शामिल किया है। इनमें से दो पर गैंगस्टर की कार्रवाई की गई है। इधर काकादेव पुलिस ने ड्रग माफिया सुशील कुमार बच्चा को भूमाफिया की लिस्ट में शामिल किया है। कोहना पुलिस ने सिंचाई विभाग व सरकारी जमीन कब्जा कर बेचने वाले रामदास निषाद, राजेंद्र निषाद, राजू पाल और सुजीत को भूमाफिया लिस्ट में शामिल किया है।
केडीए के अभिलेखों में सबसे ज्यादा भूमाफिया
केडीए ने 48 भूमाफिया चिह्नित किए हैं। इनमें से दो की मौत हो चुकी है। चकेरी में 24, कल्याणपुर में 13, पनकी में दो, नौबस्ता और बर्रा में एक-एक भूमाफिया है। बिधनू में एक और महाराजपुर में चार भूमाफिया हैं। केडीए की रिपोर्ट के बाद पुलिस ने कल्याणपुर में छह पर गुंडा एक्ट की कार्रवाई की। वहीं पनकी में एक, नौबस्ता में तीन पर गुंडा एक्ट की कार्रवाई की गई है।