Heat Stroke in Kanpur: लू लगने से तीन और रोगियों की मौत, लिवर के छह...गुर्दे के आठ रोगी इमरजेंसी में भर्ती
Kanpur Health: कानपुर में इन दिनों गर्मी अपना कहर बरपा रही है। अत्यधिक गर्मी और लू की चपेट में आने से तीन और रोगियों की मौत हो गई। वहीं, लिवर के छह और गुर्दा फेल के आठ रोगी इमरजेंसी में भर्ती हुए हैं।
विस्तार
कानपुर में भीषण गर्मी ने तीन और लोगों की जान ले ली। मंगलवार को लू लगने से हुई तीन मरीजों की मौत के बाद बुधवार को भी तीन लोगों की मौत हो गई। मेडिसिन की ओपीडी में भी लू लगने के रोगी आए। डॉक्टरों ने कहा कि पंखों से गर्म हवा निकलने की वजह से घर के अंदर भी लू लग जा रही।
हैलट इमरजेंसी में शाम तक 47 रोगी भर्ती हुए। इनमें छह रोगी लिवर फेल और आठ रोगी किडनी फेल के थे। जूही निवासी रामलखन (50) दोपहर को हैलट इमरजेंसी पहुंचे, तो उनकी हल्की सांस चल रही थी। इसके बाद उन्हें स्ट्रेचर से अंदर पहुंचाया गया। रेजीडेंट डॉक्टर ने जैसे ही नब्ज पकड़ी, उनकी मौत हो चुकी थी।
परिजन ने बताया कि वैसे उनके खाने की नली में सिकुड़न थी, लेकिन सुबह लू लगने के बाद तबीयत बिगड़ गई। इसी तरह जाजमऊ के रहने वाले नसीर (52) की डायरिया के बाद मौत हो गई। वे दो दिन पहले बिहार से लौटे थे। परिजनों ने बताया कि उन्हें लू लग गई थी। उसके बाद पेशाब नहीं हुई।
पानी की कमी से बढ़ता है बैक्टीरियल संक्रमण
क्षेत्र के निजी अस्पताल में दिखाया, लेकिन बचाया नहीं जा सका। नवाबगंज के दीनानाथ (65) की गैस्ट्रोइंटाइटिस से मौत हो गई। सीनियर गैस्ट्रोइंटोलॉजिस्ट और हैलट के आईसीयू प्रभारी डॉ. विनय कुमार ने बताया कि लू लगने से शरीर में पानी की कमी हो जाती है। इससे पेट में बैक्टीरियल संक्रमण बढ़ जाता है।
घर के भीतर बैठे 10 लोगों को लगी लू
इसके अलावा हैलट ओपीडी में साढ़े तीन सौ रोगियों ने जांच कराई। इनमें डायरिया, गैस्ट्रोइंटाइटिस, पेट के रोगी अधिक थे। इसके साथ ही रोगियों के लिवर लू लगने के बाद फेल हो जा रहे हैं। लिवर फेल के रोगियों को इमरजेंसी में भर्ती किया गया। ओपीडी में 10 रोगी ऐसे आए जिन्हें घर के अंदर लू लग गई।