पुलिस सुस्त, चोर चुस्त: एक रात में मोहल्ले के पांच घरों को बनाया निशाना, जेवर-नगदी सहित 2.53 लाख चोरी
अजगैन कोतवाली क्षेत्र में चोरों ने एक ही मोहल्ले के पांच घरों में धावा बोल दिया। जब चार घरों में सफल नहीं हुए, तो एक घर से जेवर-नगदी सहित 2.53 लाख पार कर दिए।
विस्तार
उन्नाव जिले के अजगैन कोतवाली क्षेत्र में नवाबगंज कस्बे के शीतलगंज मोहल्ले में चोरों ने पांच घरों को निशाना बनाया। इसमें एक घर से सिर्फ 2.50 लाख के जेवर और तीन हजार की नगदी पार कर दी। पुलिस ने एक घर में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाली।
फुटेज में कोट-पैंट पहने एक युवक पीठ पर बैग लादकर जाते दिख रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। शीतलगंज मोहल्ला एक बार फिर चोरों के निशाने पर रहा। एक-एक कर चोरों ने पांच घरों को निशाना बनाया। सबसे पहले चोर मिठाना पत्नी स्व. शिवबहादुर के घर पहुंचे।
मिठाना अपने बेटे राजेश के साथ कुसुंभी नहर के पास बने दूसरे घर में थी। राजेश फेरी लगा कर कपड़े बेचने का काम करता है। चोरों को घर में कुछ नहीं मिला। इसके बाद चोर सतनू पुत्र रामलाल का घर में दाखिल हुए। सतनू राजस्थान की एक कंपनी में काम करता है।
वह पत्नी मीरा के साथ वहीं रहता है। यहां घर में ताला बंद था। यहां भी चोरों के हाथ कुछ नहीं लगा। बता दें कि 16 दिसंबर को भी चोर इन्हीं घरों को निशाना बना चुके हैं। चोरों का तीसरा निशाना मुरली पुत्र स्व. गंगाराम के दो घर रहे। बता दें कि मुरली के चार मकान हैं जिनमें दो शीतलगंज में जबकि दो कुसुंभी रोड पर है।
नगदी और 2.50 लाख कीमत के जेवरात पार
कुसुंभी रोड वाले ही एक मकान में वह रहते भी हैं। शीतलगंज वाले एक घर में भूसा भरा है। वहीं दूसरे में कबाड़ भरा हुआ है। मुरली का बेटा नवाबगंज आटो सर्विस सेंटर चलाता है। वहां भी चोरों के हाथ कुछ नहीं लगा। दीवार फांदकर सुखलाल के घर में दाखिल हुए चोरों ने बक्से और अलमारी का ताला तोडर्क तीन हजार की नगदी और 2.50 लाख कीमत के जेवरात पार कर दिए।
एक युवक पीठ में बैग लादकर जाते दिखा
शनिवार सुबह परिजन सोकर उठे जब जानकारी हुई। पुलिस मौके पर पहुंची और जांच की। पड़ोसी भैरों के घर में लगे सीसीटीवी में रात करीब 1:47 बजे एक युवक पीठ में बैग लादकर जाते दिखाई दिया। लेकिन उसका चेहरा साफ नहीं आया। कोतवाल वीके मिश्र ने बताया कि सिर्फ एक घर से चोर माल ले गए हैं। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
15 लाख की चोरी नहीं खुली
तीन महीने पहले 16 दिसंबर को चोरों ने इसी शीतलगंज मोहल्ले में रहने वाले नरेश के घर से नगदी जेवर समेत करीब 15 लाख का माल ले गए थे। इससे पहले तीन दिसंबर को चोरों ने चार घरों करीब दस लाख का माल ले जाने में सफल रहे थे। एक बार फिर चोरों ने एक साथ पांच घरों में चोरी कर पुलिस चौकसी की पोल खोल दी।