UP: मंदिरों को निशाना बना रहे हैं चोर! कहीं मूर्तियां हुई हैं चोरी...तो कहीं 50 घंटे किये पार, पढ़ें पूरा मामला
UP News: प्रदेश में सक्रिय चोर गिरोह अब भगवान के मंदिरों को निशाना बना रहे हैं। एक सप्ताह में उन्नाव, औरैया, कन्नौज समेत अन्य जिलों के मंदिरों से मूर्तियां समेत दान पेटियां पार कर दी गईं। लगातार हो रही लूट व चोरी की घटनाओं ने लोगों की नींद उड़ा दी है।
विस्तार
उन्नाव जिले के त्रिपुरारपुर गांव में ठाकुर द्वारा मंदिर में स्थापित राधा और सीता की बेस कीमती मूर्तियां चोरों ने पार कर दीं। बुधवार सुबह ठाकुर द्वारा के संरक्षक ने गेट खुला देखा तब घटना की जानकारी हुई। संरक्षक के अनुसार मंदिर 64 साल पुराना है और चोरी हुई मूर्तियां अष्ट धातु की थीं।
सूचना पर कोतवाल फोरेंसिक और डॉग स्क्वायड के साथ पहुंचे और जांच की है। खोजी कुत्ता मंदिर से ढाई सौ मीटर दूर एक मकान तक गया और लौट आया। पुरवा कोतवाली क्षेत्र के गांव त्रिपुरारपुर निवासी संजय त्रिपाठी के घर के पास ही उनके परिजनों द्वारा विक्रम संवत 2016 में बनवाया गया ठाकुर द्वारा है।
संरक्षक के अनुसार मंदिर में राम, लक्ष्मण, सीता, कृष्ण और राधा की अष्टधातु की 15-15 किलो वजनी मूर्तियां स्थापित हैं। मंगलवार शाम करीब सात बजे आरती के बाद मंदिर का दरवाजा बंद करने के साथ ही मुख्य द्वार पर ताला बंद किया था। बुधवार सुबह करीब पांच बजे मूर्तियों के पास लगे गेट का ताला खुला मिला।
मंदिर में नहीं थीं सीता और राधा की मूर्तियां
शक होने पर भाई को बताया तो सभी अंदर पहुंचे, तो मंदिर में सीता और राधा की मूर्तियां नहीं थीं। घटना की सूचना पर पुरवा कोतवाली प्रभारी सुरेश सिंह फोरेंसिक टीम के साथ पहुंचे। जांच में सामने आया कि ठाकुर द्वारा के बगल में गांव के ही उमेश द्विवेदी के बंद मकान की छत से होकर चोर नीचे आया।
मूर्तियों की कीमत लाखों में है
इसके बाद जीने से होकर मंदिर के अंदर दाखिल हुए। खोजी कुत्ता ठाकुरद्वारा मंदिर से ढाई सौ मीटर दूर ईश्वरदीन के घर तक गया फिर लौट आया। कोतवाल ने बताया कि मंदिर के संरक्षक ने चोरी हुई मूर्तियों की कीमत लाखों में बताई है। अभी तहरीर नहीं दी है। बताया कि जांच चल रही है। जल्द ही खुलासा होगा।
वर्ष 2004 में चोरी हुई थीं तीन मूर्तियां, दो महीने बाद तालाब में मिली थीं
इसी ठाकुरद्वारा मंदिर से साल 2004 में राम, कृष्ण और राधा की मूर्तियां चोरी हो गई थी। रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने जांच की थी। मूर्तियां दो महीने बाद ठाकुरद्वारा से करीब एक किलोमीटर दूर बने तालाब से बरामद हुई थी। जिन्हें कोर्ट में पेश किया गया था। बाद में ठाकुरद्वारा संचालक ने वहां से रिलीज कराकर दोबारा स्थापित कराई थीं।
चोरों ने चार मंदिरों के 50 घंटे किये पार
औरैया जिले में फफूंद थाना क्षेत्र के तीन गांवों के चार मंदिरों ने मंगलवार को चोरों ने ५० घंटे चोरी कर लिए। सुबह पूजा करने पहुंचे मंदिर के पुजारियों व ग्रामीणों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। एक साथ चार मंदिरों में चोरी होने से ग्रामीणों में आक्रोश है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू की है।
अलग-अलग मंदिरों से घंटे किए पार
चोरों ने मंगलवार रात को लालपुर स्थित ब्रह्मदेव मंदिर में लगे चार बड़े घंटे समेत 30 घंटे चोरी कर लिए। इसके बाद चोरों ने पास के गांव नौली में धावा बोला। चोरों ने यहां के हनुमान मंदिर का ताला तोड़कर अंदर लगे छह घंटे और काली माता मंदिर में लगे आठ घंटे खोल लिए।
पुलिस ने जांच पड़ताल कर ग्रामीणों से पूछताछ की
इसके बाद में चोरों ने इटाहा स्थित हनुमान मंदिर के दरवाजों के ग्राइंडर से काटकर छह घंटे चोरी कर किए। बुधवार सुबह पूजा-पाठ करने पहुंचे पुजारी व ग्रामीणों ने परिसर के गेट खुल व घंटे गायब देख घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने जांच पड़ताल कर ग्रामीणों से पूछताछ की।
एक की रात में चार मंदिरों को निशाना बनाया
हनुमान मंदिर इटहा के महंत प्रभुशंकर, नौली निवासी सोनू दुबे, आशुतोष दीक्षित, आनंद कुमार, आदि लोगों ने बताया कि क्षेत्र में पुलिस रात्रि में गश्त नहीं करती है। इसके चलते चोरों ने एक की रात में चार मंदिरों को निशाना बनाकर दो क्विंटल से अधिक के घंटे चोरी कर लिए।
शिव मंदिर में स्थापित नंदी की मूर्ति गायब
कन्नौज जिले में तालग्राम कस्बे के पशु चिकित्सालय के पास प्राचीन शिव मंदिर है। मंदिर में शिवलिंग के पास नंदी की मूर्ति भी स्थापित थी, जो गायब हो गई है। चोरी का अनुमान लगाया जा रहा है। सावन मास में जलाभिषेक को पहुंच रहे श्रद्धालुओं में गायब नंदी के लिए चर्चाएं तेज हैं।
मंदिर तक जाने के लिए कुछ लोगों ने मार्ग भी अवरुद्ध कर दिया है। सावन मास में शिव की पूजा-अर्चन के लिए शिवालयों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु जुट रहे हैं। वहीं तालग्राम का शिव मंदिर जो लाला मंदिर के नाम से भी प्रसिद्ध है। इसमें लोग शिव की पूजा के लिए आते हैं।
कस्बेवासियों ने बताया कि मंदिर शिवलिंग के पास नंदी की मूर्ति स्थापित थी। पिछले फागुन मास में शिव तेरस के दिन श्रद्धालुओं ने नंदी की प्रतिमा की पूजा भी की थी। चार माह से नंदी की मूर्ति गायब है। गुरुवार को नंदी की मूर्ति न मिलने से श्रद्धालुओं ने नाराजगी जताई। साथ ही मंदिर तक अवरुद्ध मार्ग को खुलवाने की मांग की है।
मंदिर के संरक्षक योगेंद्र रायजादा का कहना है कि चार महीने पहले नंदी की मूर्ति चोरी हो गई थी। दूसरी मूर्ति जल्द स्थापित करा दी जाएगी। कस्बे चौकी प्रभारी ज्योति गौड़ ने बताया कि मामला पुराना है। किसी ने अब तक कोई तहरीर नहीं दी है। तहरीर मिलेगी तो उसी आधार पर जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।