पब्लिक की पिटाई से सॉल्व हुआ मर्डर केस, जब चोर ने खोली जुबान पुलिसवाले हैरान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
औरैया ग्राम लुहियापुर में बीती रात दो युवक चोरी की मंशा से मोहित के घर में घुस गए थे। तभी मोहित को आहट लग गई जिस पर उसने चिल्लाना शुरू कर दिया। शोरगुल सुनकर आसपास के घरों के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और भाग रहे दोनों लोगों को खदेड़ा। भारी संख्या में ग्रामीणों को आता देख चोर गांव के ही एक घर के बाहर छिप गए। ग्रामीणों की उनपर नजर पड़ गई और पकड़ लिया।
इसी बीच फायदा उठाते हुए दूसरा चोर मौके से भागने में सफल रहा। पकड़े गए चोर की ग्रामीणों ने इस कदर धुनाई की थी कि उसने अपने सभी पुराने गुनाह भी कबूल लिए।
उधर कोतवाली पुलिस का कहना है कि पकड़े गए आरोपी ने पूछताछ के दौरान अपना नाम श्याम उर्फ तोते पुत्र चंद्रभान निवासी कादलपुर बताया। पूछताछ में तोते ने बताया कि जुलाई में ग्राम लुहियापुर में एक खेत से बरामद वृद्ध की हत्या में वह शामिल है।
आरोपी ने बताया कि 28 जुलाई 2018 को रात में वह खेत में पानी के लिए बिछाई गई जीन (प्लास्टिक पाइप) को चुराकर भाग रहा था। तभी एक वृद्ध की उस पर नजर पड़ गई। खुलासा होने के डर से उसने अपने साथी शैलेंद्र उर्फ शैलू पुत्र अनिरूद्ध चौहान निवासी ग्राम लुहियापुर के साथ मिलकर मारपीट कर हत्या कर दी थी।
इस प्रकरण में कोतवाली इंस्पेक्टर विनोद कुमार शुक्ला ने बताया कि ग्राम लुहियापुर में 29 जुलाई की सुबह वृद्ध किसान रामआसरे पुत्र गेंदालाल का उसके ही खेत से शव बरामद किया था जिसमें मृतक के पुत्र उमाशंकर की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ पिता की हत्या का मामला दर्ज कराया गया था।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में वृद्ध की मौत का कारण उसकी सीने की पसलियां टूटी पाए जाने के अलावा शरीर में 5 स्थानों पर चोटें पाईं गई थीं। मामला हत्या का प्रतीत होने पर 302 की धारा में मामला दर्ज किया गया था। इस प्रकरण में पुलिस लगातार हत्याभियुक्त की तलाश में जुटी थी। एक आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ा। वहीं फरार दूसरे हत्यारोपी की गिरफ्तारी को पुलिस दबिश दे रही है। जल्द ही उसकी भी गिरफ्तारी कर ली जाएगी।