सुविधा: सीटों की नहीं होगी किल्लत…चलेंगी 202 त्योहार स्पेशल ट्रेनें, सेंट्रल स्टेशन व गोविंदपुरी होकर गुजरेंगी
Kanpur News: त्योहार पर नियमित ट्रेनों में कन्फर्म टिकट नहीं मिलने की शिकायतें आ रही थी। इस वजह से त्योहार स्पेशल ट्रेनें चलाने का निर्णय लिया गया है। यात्रियों को नियमित ट्रेनों में टिकट नहीं मिलने पर विशेष ट्रेनें सहूलियत देंगी।
विस्तार
कानपुर में त्योहारों पर लंबे रूट की ट्रेनों में नो-रूम और वेटिंग की किल्लत देख रेलवे विशेष ट्रेनों का संचालन कर रहा है। उत्तर-मध्य रेलवे इस दौरान करीब 202 विशेष ट्रेनें चलाएगा। इससे बंगाल, बिहार, पूर्वांचल के जिलों के लिए ट्रेनों की कमी नहीं पड़ेगी। इनमें से सेंट्रल स्टेशन, गोविंदपुरी व अनवरगंज के रास्ते 21 सितंबर से 30 नवंबर के बीच करीब 100 विशेष ट्रेनें चलेंगी।
मुख्य जनसंपर्क अधिकारी शशिकांत त्रिपाठी ने बताया कि त्योहार पर नियमित ट्रेनों में कन्फर्म टिकट नहीं मिलने की शिकायतें आ रही थी। इस वजह से त्योहार स्पेशल ट्रेनें चलाने का निर्णय लिया गया है। जबलपुर-आनंद विहार टर्मिनल-जबलपुर साप्ताहिक विशेष गाड़ी वाया सतना–प्रयागराज चलेंगी। जबलपुर से 29 सितंबर से तीन नवंबर तक ट्रेन छह फेरा लगाएगी। इसी तरह, आनंद विहार टर्मिनल से 30 सितंबर से चार नवंबर तक छह फेरा चलेगी।
ट्रेनों में टिकट नहीं मिलने पर विशेष ट्रेनें सहूलियत देंगी
इस 24 कोच की ट्रेन का ठहराव चित्रकूट के मानिकपुर, फतेहपुर, गोविंदपुरी व इटावा स्टेशनों पर भी होगा। बाकी विशेष ट्रेनों का परिचालन भी कानपुर सेंट्रल के साथ ही आसपास जिलों के रेलवे स्टेशनों के रास्ते होगा। यह ट्रेनें लखनऊ जंक्शन वाया कानपुर सेंट्रल-झांसी से मुंबई, दिल्ली-हावड़ा, बुंदेलखंड के रेलमार्गों से होकर गुजरेंगी। इससे यात्रियों को नियमित ट्रेनों में टिकट नहीं मिलने पर विशेष ट्रेनें सहूलियत देंगी।
एक और त्योहार स्पेशल
त्योहारों के मद्देनजर रेलवे ने जबलपुर-आनंद विहार टर्मिनल विशेष साप्ताहिक गाड़ी का संचालन करने का निर्णय लिया है। ट्रेन नंबर- 01707 जबलपुर-आनंद विहार टर्मिनल 29 सितंबर से तीन नवंबर तक और ट्रेन नंबर 01703 30 सितंबर से चार नवंबर तक चलेगी। यह दोनों ट्रेनें गोविंदपरी स्टेशन होकर गुजरेंगी।