{"_id":"65fdb7193119aa1cc00f1138","slug":"there-was-mourning-in-entire-family-due-to-death-of-two-innocent-children-in-hardoi-and-auraiya-2024-03-22","type":"feature-story","status":"publish","title_hn":"यूपी में दो हादसे: रजबहे में गिरकर मासूम की गई जान, वहीं तालाब में डूबकर बच्ची की हुई मौत; घर में पसरा मातम","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
यूपी में दो हादसे: रजबहे में गिरकर मासूम की गई जान, वहीं तालाब में डूबकर बच्ची की हुई मौत; घर में पसरा मातम
Fri, 22 Mar 2024 10:21 PM IST
अनुज कुमार
अमर उजाला नेटवर्क, हरदोई
अमर उजाला नेटवर्क, हरदोई
Published by: अनुज कुमार
Updated Fri, 22 Mar 2024 10:21 PM IST
सार
हरदोई में खेलते समय रजबहे में गिरकर मासूम की मौत हो गई तो वहीं ओरैया में तीन वर्षीय बालिका की संदिग्ध परिस्थितियों में तालाब में डूबकर जान चली गई।
विज्ञापन
दो मासूमों की मौत से पसरा मातम
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
शहर कोतवाली क्षेत्र के बल्लमपुर गांव में मकान के पास खेलते समय रजबहे में मासूम गिर गया। लगभग सौ मीटर दूर रजबहे में नहा रहे कुछ बच्चों ने उसे उतराता देखा तो निकालकर घर ले गए। परिजन उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। बल्लमपुर निवासी बालकराम मजदूरी करता है। उसके घर के पास से रजबहा निकला है।
विज्ञापन
शुक्रवार शाम उसकी पत्नी सुनीता मवेशियों के लिए चारा काट रही थी। पास ही उसका पुत्र पुष्पेंद्र (3) खेल रहा था। खेलते खेलते पुष्पेंद्र अचानक रजबहे में गिर गया। तकरीबन सौ मीटर आगे रजबहे में नहा रहे बच्चों ने पुष्पेंद्र को उतराता देखा तो शोर मचाया।
विज्ञापन
कुछ बच्चों ने बाहर निकाल लिया और उसकी मां सुनीता के पास ले गए। इसी बीच बड़ी संख्या में ग्रामीण आ गए। आनन फानन ही उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। मृतक पांच भाई बहनों में सबसे छोटा था। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया।
विज्ञापन
औरैया में तीन साल की बच्ची की तालाब में डूबकर मौत
दिबियापुर थाना क्षेत्र के गांव गौरी गंगाप्रसाद में तीन वर्षीय मासूम बालिका संदिग्ध परिस्थितियों में तालाब में डूब गई। तलाशते हुए परिजन पहुंचे और तालाब से बाहर निकालकर अस्पताल ले गए। यहां चिकित्सकों ने बालिका को मृत घोषित कर दिया। बालिका लगभग चार घंटे पहले घर से अचानक गायब हो गई थी। माना जा रहा है कि पास में मरे गोवंश को नोंचकर खा रहे कुत्तों के दौड़ाने से बालिका तालाब में कूदी और डूब गई।
गांव गौरी गंगा प्रसाद निवासी कार चालक एवं किसान जॉनसन के छोटे भाई मिथुन की बारात गुरुवार को हरचंदपुर गई थी। सभी पुरुष बारात में गए थे, घर में केवल महिलाएं और रिश्तेदार ही थे। सुबह लगभग साढ़े 10 बजे नववधू को विदा कराके बारात गांव लौट आई। इस बीच परिजनों ने बताया कि सुबह लगभग नौ बजे से जॉनसन की सबसे छोटी बेटी आसमा नहीं मिल रही है। परिवार के सदस्यों ने गायब आसमा को गांव में खोजने के प्रयास शुरू किए। अपरान्ह तकरीबन एक बजे घर से लगभग 30 मीटर दूर स्थित तालाब के किनारे आसमा की चप्पलें पड़ीं मिलीं।
जबकि तालाब के अंदर कीचड़ में आसमा फंसी थी। आनन फानन आसमा को तालाब से बाहर निकाला और चिचौली स्थित जिला चिकित्सालय ले गए। यहां चिकित्सकों ने आसमा को मृत घोषित कर दिया। शादी वाले घर में मासूम की मौत से कोहराम मच गया। मृतका दो भाइयों आबी एवं जोयम की इकलौती बहन थी। वह सबसे छोटी थी।
घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस अधीक्षक चारू निगम, अपर पुलिस अधीक्षक दिगंबर कुशवाहा, दिबियापुर थाने के प्रभारी निरीक्षक मुकेश बाबू चौहान, ककोर चौकी प्रभारी शशिधर त्रिपाठी समेत काफी संख्या में पुलिस मौके पर पहुंची। यहां से शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। सीओ अशोक कुमार ने बताया कि तालाब में दलदल है। जबकि पास में मरे हुए जानवर को कुत्ते नोंचकर खा रहे हैं। मामले की गहराई से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्थिति साफ हो सके।
ककोर। मासूम की तालाब में डूबकर मौत होने को लेकर कई तरह की चर्चा रही। लोगों का कहना है कि तालाब के पास में ही एक गोवंश का शव पड़ा है। इसको कुत्ते नोंचकर खा रहे हैं। लोगों का मानना है कि मृतका सुबह खेलते हुए तालाब किनारे पहुंची होगी। इस दौरान मृतक गोवंश खा रहे कुत्तों ने बालिका को दौड़ा लिया। हो सकता है कि कुत्तों के दौड़ा लेने पर बालिका चप्पलें छोड़कर तालाब में कूद गई होगी।