Kanpur Theft: एक ही मोहल्ले के तीन घरों में चोरी, परिजनों को कमरों में किया बंद, फिर छत से हुए फरार
रतनलालनगर इलाके में एक मोहल्ले के तीन घरों से चोरों ने नकदी और जेवर पार कर दिए। पुलिस के पहुंचने पर चोर छत से भाग निकले। पुलिस ने बतायर कि सीसीटीवी में तीन चोर कैद हुए हैं, जिनकी लोकेशन औरैया में मिल रही है।
विस्तार
कानपुर में गोविंदनगर थाना क्षेत्र के रतनलालनगर इलाके में शुक्रवार रात चोर तीन घरों से जेवर और नकदी चोरी कर ले गए। एक घर से चोर छह लाख के जेवर और 60 हजार रुपये नकद चोरी कर ले गए।परिजनों को कमरों में बंद कर दिया था।
वहीं, पुलिस की लापरवाही भी सामने आई है। 12 घंटे बाद भी डाग स्क्वॉड और फोरेंसिक टीम मौके पर नहीं पहुंची। शुक्रवार की रात चोरों ने 10 से 12 घरों में चोरी का प्रयास किया। इसके बाद वे राजेश माथुर के घर पहुंचे जहां ऊपर रह रहे किराएदार नीतीश कुमार सिंह की कपड़ों से भरी अटैची उठा ले गए।
फिर महेश कुमार के घर से 50 हजार की घड़ी चोरी कर ले गए। इसके बाद तजिंदर सिंह के घर में छत के रास्ते नीचे उतरे। एक कमरे में तजिंदर सिंह, पत्नी गुनीश कौर के साथ सो रहे थे और दूसरे कमरे में उनकी मां रविंदर कौर सो रही थीं। चोर ने दोनों कमरों की कुंडी बाहर से बंदकर दी।
इसके बाद तीसरे कमरे में जाकर अलमारी खोलकर जेवर निकालने लगे। इसी दौरान खटपट की आवाज सुन गुनीश कौर ने 112 में सूचना दे दी। पुलिस जैसे ही घर के बाहर पहुंची और हूटर बजाया तो चोर छत के रास्ते से पीछे की तरफ भाग निकले।
पुलिस मेन गेट फांदकर अंदर घुसी और सभी को पीछे के दरवाजे की कुंडी तोड़कर बाहर निकाला। तजिंदर सिंह ने बताया कि चोर चार अंगूठी, एक मंगलसूत्र, एक चेन, कड़ा, हार, कान के बाले समेत छह लाख के जेवर और 60 हजार की नकदी ले गए हैं।
एसीपी बाबूपुरवा संतोष कुमार सिंह ने बताया कि चोरों की तलाश के लिए टीम गठित की गई है। आस पास के क्षेत्रों के सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं। कुछ संदिग्धों से भी पूछताछ की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।
सीसीटीवी में कैद हुए तीन चोर
पुलिस ने इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले तो उसमें तीन चोर नरेश मनवाणी के घर से कूदकर भागते हुए दिखाई दिए। पुलिस का मानना है कि चोर आसपास के इलाके के रहने वाले हैं। चोरों ने घटना को सुबह चार से पांच बजे के बीच अंजाम दिया है।
पुलिस को चोरों की लोकेशन मिली औरैया
चोर अपने साथ कुछ इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों भी ले गए हैं। जिसके आधार पर पुलिस ने दावा किया है कि चोरों की दोपहर 12 बजे के बाद आखिरी लोकेशन औरैया में मिली है। जिनकी तलाश के लिए टीमें लगा दी गई है।
सात साल पहले भी हुई थी, चोरी आज तक नहीं हुआ खुलासा
बता दें कि चोरी की इसी घटना की तरह सात वर्ष पूर्व भी दस घरों में चोरी हुई थी। उसका पुलिस आज तक खुलासा नहीं कर सकी है। वहीं, शहर में आए दिन चोरी की वारदातें बढ़ रही हैं। ऐसे में पुलिस कह पेट्रोलिंग और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े होना लाजमी है।