चार भाइयों की सूनी रह गई कलाई: सड़क हादसे में बहन की मौत, भाई के साथ राखी बांधने जा रहा थी महिला
Kanpur News: बिधनू थाना प्रभारी प्रद्युम्न सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतका आरती के पति चंद्रनारायण त्रिपाठी सीआरपीएफ में जम्मू-कश्मीर में तैनात हैं। शनिवार को वह छुट्टी लेकर घर आने वाले थे।
विस्तार
अब भाइयों के हाथों में राखी कौन बांधेग, क्योंकि उनकी बहन अब इस दुनिया में नहीं रही। मामला कानपुर के भीतरगांव का है। यहां रक्षाबंधन के मुहूर्त से कुछ घंटे पहले हुई अनहोनी से पसेमा गांव में मातम पसर गया है। यहां पर एक सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई।
महिला चार भाइयों की इकलौती बहन थी, जो भाई के साथ बाइक से राखी बांधने जा रही थी। इसी दौरान साढ़-रमईपुर मार्ग के मंझावन के पास में हादसा हो गया। इसमें ब्रेकर से उछलकर महिला सड़क पर सिर के बल गिर गई। हादसे में उसकी मौत हो गई।
सागरपुरी नौबस्ता निवासी लक्ष्मीकांत दुबे बीएसएफ में हैं और जम्मू-कश्मीर में तैनात हैं। इस समय छुट्टी पर घर आए हैं। सुबह इकलौती बहन आरती देवी (40) को लेने उसकी ससुराल पसेमा साढ़ गए थे। दोपहर बाद बहन आरती दोनों भांजों रचित और शोभित को लेकर सागरपुरी लौट रहे थे।
बिधनू थाना क्षेत्र के हरदौली गांव के पास बने ब्रेकर पर बाइक उछल गई। इससे पीछे बैठी आरती सड़क पर गिर गई। राहगीरों की मदद से भाई लक्ष्मीकांत घायल बहन को पास के निजी अस्पताल ले गया, जहां से उन्हें बिधनू सीएचसी भेजा गया। सीएचसी में डॉक्टरों ने आरती को मृत घोषित कर दिया है।
सीआरपीएफ में तैनात पति मौत की सूचना पर फफक पड़े
मृतका आरती के पति चंद्रनारायण त्रिपाठी सीआरपीएफ में जम्मू-कश्मीर में तैनात हैं। शनिवार को वह छुट्टी लेकर घर आने वाले थे। घर आने से पहले ही फोन पर पत्नी की मौत की खबर सुनकर चंद्रनारायण फफक पड़े। वे जम्मू-कश्मीर से बिधनू के लिए निकल चुके हैं।