ग्रीनपार्क की दुर्दशा: एक साथ उछले 500 दर्शक तो गिर सकती है सी बालकनी, 2016 में हुई थी दीर्घाओं की मरम्मत
Kanpur News: ग्रीनपार्क भारत के 500वें टेस्ट मैच का भी गवाह बन चुका है। यह ऐतिहासिक 500वां टेस्ट मैच भारत बनाम न्यूजीलैंड के बीच वर्ष 2016 में खेला गया था। इसमें सचिन तेंदुलकर, महेंद्र सिंह धोनी समेत अन्य भारतीय क्रिकेटरों को सम्मानित किया गया था।
विस्तार
कानपुर में ग्रीनपार्क में होने वाले टेस्ट मैच में यदि एक साथ 500 दर्शक चौके या छक्के पर उछले तो सी बालकनी व सी स्टाल दर्शक दीर्घा गिर सकती है। दीर्घाओं की मरम्मत की तैयारी में जुटे पीडब्लूडी के सहायक अभियंता राहुल सिंह ने यह जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि इन दोनों ही दीर्घाओं की दर्शक क्षमता 10300 है। बिना मरम्मत यहां दर्शकों को बैठाया गया तो बड़ा हादसा हो सकता है।
ग्रीनपार्क में 27 सितंबर से भारत और बांग्लादेश के बीच टेस्ट मैच होना है। इन दोनों दीर्घाओं की मरम्मत वर्ष 2016 के अंत में यूपीसीए ने करवाई थी। आठ साल बाद अब इन दीर्घाओं की हालत खस्ताहाल है। राहुल सिंह ने बताया कि आईआईटी की जांच के बाद यदि यूपीसीए दोनों ही दीर्घाओं की मरम्मत करवा लेता है तो यहां पर 10300 दर्शक बैठ सकते हैं।
इससे ग्रीनपार्क की कुल दर्शक क्षमता 29700 तक पहुंच सकती है। हालांकि, यह क्षमता ग्रीनपार्क स्टेडियम में खेले गए अंतिम पांच टेस्ट मैच से फिर भी कम रहेगी। ग्रीनपार्क स्टेडियम में जब जनवरी 1952 में पहला टेस्ट मैच भारत बनाम इंग्लैंड के बीच खेला गया था, उस समय दर्शक क्षमता 45 हजार से अधिक थी।
दर्शक क्षमता को लेकर सवाल खड़े होने लगे थे
खेल विभाग और यूपीसीए में आपसी तालमेल में कमी के कारण दर्शक दीर्घाएं कम होती गईं। वर्तमान में सी बालकनी पूरी तरह से जर्जर है। पिछले वर्ष यूपी टी-20 क्रिकेट लीग के दौरान पीडब्लूडी ने स्टेडियम में 22230 दर्शक दीर्घाएं ही ठीक पाई थीं। टेस्ट मैच मिलने के बाद फिर से दर्शक क्षमता को लेकर सवाल खड़े होने लगे थे।
500वें टेस्ट मैच का गवाह बन चुका है ग्रीनपार्क
ग्रीनपार्क भारत के 500वें टेस्ट मैच का भी गवाह बन चुका है। यह ऐतिहासिक 500वां टेस्ट मैच भारत बनाम न्यूजीलैंड के बीच वर्ष 2016 में खेला गया था। इसमें सचिन तेंदुलकर, महेंद्र सिंह धोनी समेत अन्य भारतीय क्रिकेटरों को सम्मानित किया गया था।
पुरानी दीर्घाओं की ही हो रही मरम्मत
ग्रीनपार्क स्टेडियम में भले ही प्रमुख सचिव आलोक कुमार के दखल के बाद काम में तेजी आई हो, लेकिन सिर्फ टूटी दीर्घाओं, खराब कुर्सियों आदि की सिर्फ मरम्मत हो रही है। किसी प्रकार का नया काम नहीं किया जा रहा है। बारिश के कारण भी काम में तेजी नहीं है।
दर्शक क्षमता को बढ़ाने का हर संभव प्रयास किया जा रहा है। ऐसे में यूपीसीए ने अपनी ओर से काम भी प्रारंभ कर दिया है, जल्द ही दर्शक क्षमता में इजाफा होगा। -अंकित चटर्जी, सीईओ, यूपीसीए
ग्रीनपार्क स्टेडियम का निरीक्षण कर लिया गया है, सी बालकनी ही सबसे अधिक क्षतिग्रस्त है। इसकी जांच आईआईटी से करवाने के बाद यदि यूपीसीए यहां पर सही से निर्माण कराए तो स्टेडियम की दर्शक क्षमता 29700 से अधिक हो जाएगी। -राहुल सिंह, सहायक अभियंता, पीडब्लूडी