Mahoba: कारोबारी से चार करोड़ की धोखाधड़ी करने वाला गिरफ्तार, विदेश जाने की फिराक में था आरोपी, ये हुआ बरामद
Mahoba News: एसपी अपर्णा गुप्ता ने बताया कि आरोपी देश से बाहर जाने की फिराक में था। 78 लाख रुपये जो बाजार में ग्राहकों के पास उधार हैं, वह बरामद करने की कार्रवाई चल रही है।आरोपी के पास से 1.09 करोड़ रुपये, फर्जी दस्तावेज, लैपटॉप, पांच मोबाइल व चोरी की कार बरामद की गई है।
विस्तार
महोबा जिले में क्रशर कारोबारी के यहां मैनेजर के पद तैनात युवक ने फर्जी दस्तावेज तैयार कर चार करोड़ रुपये हड़प लिए। मुकदमा दर्ज होने के बाद विदेश भागने की तैयारी कर रहे आरोपी को कोतवाली पुलिस ने पकड़ लिया। उसके कब्जे से 1.09 करोड़ रुपये, फर्जी दस्तावेज, लैपटॉप, पांच मोबाइल और चोरी की कार बरामद की गई है।
मध्यप्रदेश के जनपद नर्मदापुरम के पिपरिया गांव निवासी रसमीत सिंह मल्होत्रा पत्थरमंडी कबरई में क्रशर कारोबारी हैं। तीन फर्मों के नाम से कबरई क्षेत्र में खनन पट्टा स्वीकृत व संचालित हैं। इन फर्मों की देखरेख के लिए सचिन प्रकाश निवासी गोसाईंगंज जनपद लखनऊ को मैनेजर के पद पर रखा गया था।
सचिन ने कूटरचित दस्तावेज तैयार कर बेची गई गिट्टी के चार करोड़ रुपये हड़प लिए। जब मालिक ने फोन पर जानकारी ली तो रकम उधार होने की बात कही गई। बाद में आरोपी फर्म के कार्यालय में रखे 8.50 लाख रुपये लेकर फरार हो गया। क्रशर कारोबारी ने शहर कोतवाली में धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराया था।
फर्म के कूटरचित दस्तावेज बरामद हुए
शनिवार को कोतवाली पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी सचिन प्रकाश बीजानगर स्थित किराये के मकान से कार से सामान लेने आया है। पुलिस ने आरोपी को बीजानगर तिराहा से गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से फर्म के कूटरचित दस्तावेज बरामद हुए।
आरोपी देश से बाहर जाने की फिराक में था
पुलिस ने एक करोड़ नौ लाख 92 हजार रुपये, लैपटॉप, पांच मोबाइल, स्विफ्ट कार, सोने की चेन और अंगूठी बरामद की। एसपी अपर्णा गुप्ता ने बताया कि आरोपी देश से बाहर जाने की फिराक में था। 78 लाख रुपये जो बाजार में ग्राहकों के पास उधार हैं, वह बरामद करने की कार्रवाई चल रही है।