Kanpur: मजदूरी मांगने पर मजदूर को पीटा, आरोपी महिला ने बेरहमी से लाठी से मारा, जानें पूरा मामला
घाटमपुर में मजदूर को पीटती लट्ठबाज महिला का खूब वीडियो वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि मजदूर ने मजदरी मांगी थी, जिस पर महिला ने लाठियों की बरसात कर दी। वीडियो का संज्ञान लेते हुए पुलिस मामले की जांच कर रही है।
विस्तार
कानपुर में गालीबाज युवती के बाद सोशल मीडिया पर घाटमपुर की लट्ठबाज महिला का वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें एक महिला युवक को लाठी से बेरहमी से पीटती दिखाई दे रही है। युवक अपनी मजदूरी का पैसा मांगने महिला के घर गया था। वायरल वीडियो घाटमपुर थाना क्षेत्र के बीहूपुर गांव का बताया जा रहा है।
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस मामले की जांच जुट गई है। अमर उजाला वायरल वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता है। सोशल मीडिया प्लेटफार्मों पर वायरल हो रहे वीडियो में एक महिला गुस्से में युवक पर लाठी भांजती दिखाई दे रही है। जबकि एक किशोरी बीच बचाव कर रही है।
महिला लगातार युवक पर लाठी से वार किए जा रही है। वहीं वीडियो में एक शख्स युवक का पैर पकड़कर अपनी ओर खींच रहा है। इस बीच पिटाई से बेदम युवक अपनी जान की दुहाई दे रहा था। इधर, किसी ग्रामीण ने लट्ठबाज महिला की दबंगई का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया में वायरल कर दिया।
वीडियो वायरल होते ही पुलिस हरकत में आ गई। इंस्पेक्टर रामबाबू ने बताया कि प्राथमिक जांच में वायरल वीडियो बीहूपुर का बताया जा रहा है। इसमें एक महिला मजदूर को लाठी से पिटते नजर आ रही है। वीडियो के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और उसके बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।