बेलगाम खाकी: छात्रा ने कांस्टेबल पर लगाया मारपीट का आरोप, कहा- पढ़ने न जाने की दी धमकी और न ही दर्ज की रिपोर्ट
बदौसा थाना क्षेत्र में अपने भाई के साथ परीक्षा देने जा रही छात्रा के साथ पुलिस कांस्टेबल ने मारपीट कर दी। जब वो तहरीर देने थाने गई, तो पुलिस वालों ने उसकी नहीं सुनी। वहीं, कांस्टेबल की तहरीर पर पांच नामजद और 10 अज्ञात के विरुद्ध एफआईआर दर्ज की गई है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बांदा जिले के बदौसा थाना क्षेत्र में हाईस्कूल की छात्रा ने थाने का पुलिसकर्मियों पर मारपीट के आरोप लगाए हैं। उसकी तहरीर पर रिपोर्ट न दर्ज किए जाने पर छात्रा ने एसपी से गुहार लगाई है। हालांकि आरोपी कांस्टेबल की तहरीर पर पुलिस ने खासी जल्दबाजी दिखा दी। बिना जांच के पांच नामजद और 10 अज्ञात के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर ली।
पुलिस के मुताबिक दो कांस्टेबलों के साथ मारपीट की गई। थाना क्षेत्र के बंगाली पुरवा निवासी अनुसूचित जाति की कुमारी रागनी पुत्री नंदकिशोर ने एसपी को दी अर्जी में कहा है कि वह मंगलवार को सुबह भाई पुष्पेंद्र के साथ परीक्षा देने जा रही थी। रेलवे क्रासिंग के पास बिना वर्दी कांस्टेबल मिल गया।
उसने छात्रा और भाई के साथ मारपीट शुरू कर दी। शोर मचाने पर ग्रामीण भी आ गए। तभी कांस्टेबल के समर्थन में अन्य पुलिसकर्मी आ गए। आरोप लगाया कि इनमें एक कांस्टेबल नशे में था। उसने अभद्रता की और विरोध करने पर उसे धमकी दी। पढ़ने न जाने के लिए धमकाया।
साथी सिपाही आरोपी कांस्टेबल को ले गए। वह थाने गई तो उसकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। एसपी ने कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। दूसरी तरफ आरोपी कांस्टेबल ने उल्टा रिपोर्ट दर्ज करा दी है। छात्रा समेत पांच नामजद और 10 अज्ञात के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है।
थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि छात्रा ने कोई तहरीर नहीं दी है, बल्कि कांस्टेबल के साथ मारपीट की गई। दो सिपाही अभय और सत्येंद्र को चोटें आईं। डॉक्टरी परीक्षण भी कराया जा रहा है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।