बांदा: अचानक भरभराकर ढही कच्ची दीवार, मलबे में दबकर महिला की मौत, शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा, परिजन बेहाल
Banda News: जसपुरा थाना क्षेत्र की अमारा ग्राम पंचायत में कच्ची दीवार पर मिट्टी लगाकर उसकी मरम्मत कर रही 55 वर्षीय महिला अचानक दीवार ढहने से उसके मलबे के नीचे दब गईं। परिजनों द्वारा मलबे से बाहर निकालने तक उनकी मौत हो चुकी थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
विस्तार
बांदा जिले में थाना जसपुरा क्षेत्र की अमारा ग्राम पंचायत में मंगलवार सुबह कच्ची दीवार गिरने से उसके नीचे दबकर एक महिला की मौत हो गई। हादसे के समय महिला घर की दीवार पर मिट्टी लगा रही थी। अचानक दीवार भरभराकर उसके ऊपर गिर गई। परिजनों की मदद से महिला को मलबे से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
हादसे से परिवार में कोहराम मच गया।अमारा ग्राम पंचायत निवासी पच्ची (55) पत्नी भीखम वर्मा मंगलवार सुबह करीब 10 बजे घर की कच्ची दीवार पर मिट्टी लगा रही थीं। इसी दौरान अचानक दीवार ढह गई और वह मलबे के नीचे दब गईं। परिजनों ने उन्हें मलबे से बाहर निकाला, लेकिन उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना मिलने पर थाना प्रभारी राधाकृष्ण तिवारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए बांदा भेज दिया। मृतका के पति भीखम वर्मा ने बताया कि उनके पांच बेटे और पांच बेटियां हैं। बेटों में रामबाबू, शिवबाबू और राजनारायण विवाहित हैं, जबकि शिवनारायण और सूरज अविवाहित हैं।
परिजनों को बंधाया ढांढस
बेटियों में सुनैना, मिथलेश और सोना विवाहित हैं, जबकि जयदेवी और राधा अविवाहित हैं। महिला की मौत से परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की जानकारी मिलने पर समाजवादी पार्टी के तिंदवारी अध्यक्ष प्रमोद निषाद भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात की और उन्हें ढांढस बंधाया।