औरैया: वृद्धा को हाथ पैर बांधकर ले जा रहे थे बाइक सवार, ग्रामीणों ने पकड़ा, बोलीं- बहू की साजिश पर नहर में फेंकने की थी कोशिश
फफूंद थाना क्षेत्र में एक बहू ने अपने भाई और बहनोई के साथ मिलकर अपनी सास को मारने की साजिश रची। इसके तहत वो सास को रस्सी से हाथ पैर बांधकर नहर में फेंकने ले जा रहे थे। जब उनको ग्रामीणों ने देखा, तो उनको शक हुआ। ग्रामीणों ने घेरकर उनको पकड़ा और पुलिस को सूचना दी।
विस्तार
औरैया जिले के फफूंद थाना क्षेत्र के एक गांव में बाइक सवार दो लोग एक वृद्ध महिला को उसके हाथ पैर बांधकर ले जा रहे थे। उनको देख ग्रामीणों को शक हुआ, तो उन्होंने बाइक सवारों को रोक लिया और पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस वृद्धा और बाइक सवार दोनों युवकों को थाने ले गई, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है। वृद्ध महिला का कहना था कि उसकी बहू की साजिश से यह लोग उसे नहर में फेंकने के लिए ले जा रहे थे। मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार शाम क्षेत्र के गांव देवरपुर में फफूंद की ओर से बाइक पर सवार दो लोग हाथ-पैर और मुंह बांधकर एक वृद्धा को बैठाकर तेजी से जा रहे थे।
यह देख ग्रामीणों को शक हुआ और उन्होंने दौड़कर बाइक सवारों को पकड़ लिया। इस दौरान गांव के लोगों की भीड़ जुट गई और बाइक सवारों से वृद्धा को बांधने की वजह जानी, तो युवक उन्हें गुमराह करने लगे। तब तक गांव के युवकों ने वृद्धा के मुंह का कपड़ा खोलकर उन्हें बंधन मुक्त किया, तो वृद्धा अपना नाम और गांव का पता बताते ही दहाड़ मारकर रो उठी। उसने उन युवकों के द्वारा उसे नहर में ले जाकर फेंकने की बात बताई, जिस पर ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस युवकों और वृद्धा को थाने ले गई। 65 वर्षीय वृद्धा ने थाने में बताया की उसका नाम सिया देवी है और वह रायपुर कसोलर थाना, जनपद कानपुर देहात की निवासी है। उसकी बहू पूजा फफूंद क्षेत्र के गांव गमनामऊ की निवासी है, जो आए दिन उससे लड़ती झगड़ती है।
शनिवार को जब उसका इकलौता पुत्र राकेश मजदूरी करने गया था, तभी बहू ने अपने भाई सुखवीर पुत्र रामजीत निवासी गमनामऊ और बहनोई दलेल पुत्र रामलाल निवासी गांव मिरगांवा थाना फफूंद को गांव में बुलाकर उसे नहर में फिंकवाने का प्लान बनाया। इस पर यह लोग उसके घर पहुंचे और हाथ-पैर व मुंह बांधकर उसे बाइक से लेकर नहर में फेंकने जा रहे थे। पुलिस ने वृद्धा के पुत्र को सूचना दे दी है।
प्रभारी निरीक्षक ललिता कुमारी ने बताया कि वृद्ध महिला के हाथ-पैर बांध कर दो लोग बाइक से लेकर जा रहे थे। इनको ग्रामीणों ने पकड़ लिया था, जिन्हें पुलिस थाने ले आई है। महिला के पुत्र को फोन किया गया है, उसके आने के बाद ही कुछ पता लगेगा।