12 घंटे में हुआ खुलासा: युवती से लूट करने वाला आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने लूटा गया टैबलेट, तमंचा और बाइक बरामद की
थाना कुरारा क्षेत्र में युवती से लूट मामले का पुलिस ने 12 घंटे में खुलासा कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही, लूटा गया टैबलेट, तमंचा और बाइक बरामद किया है।
विस्तार
हमीरपुर जिले में शनिवार दोपहर शहर में जजी कॉलोनी रोड पर पैदल जा रही युवती का टैबलेट मोबाइल लूटने के मामले में पुलिस ने तत्परता से कार्रवाई कर आरोपी को रानी लक्ष्मी बाई तिराहे से गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से लूटा गया मोबाइल, तमंचा व घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद की है। दिनदहाड़े हुई लूट की घटना को लेकर एसपी ने जल्द खुलासे के निर्देश दिए थे।
थाना कुरारा के कुसमरा निवासी पीड़िता गीता गुप्ता ने शनिवार को एसपी से शिकायत की थी। जिसमें कहा था कि वह अपनी मां की दवा लेने चौरादेवी मंदिर के निकट गई थी। वहां से पैदल लौटते दोपहर करीब 1:30 बजे बाइक सवार युवक उसका टैबलेट मोबाइल लूटकर भाग निकला। कोतवाल दुर्गविजय सिंह ने बताया कि शनिवार शाम चेकिंग के दौरान एक व्यक्ति लक्ष्मीबाई तिराहा की ओर से बाइक से आ रहा था।
तभी पुलिस देखकर उसने बाइक मोड़कर भागना चाहा तो उसे घेरकर यमुना पुल के पास से दबोच लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम पता जनपद कानपुर देहात के सजेती थानाक्षेत्र के सिधौल गांव निवासी सुनील कुमार उर्फ शिंटू सोनकर बताया। तलाशी में उसकी जेब से एक टैबलेट मोबाइल बरामद हुआ, जिसके खरीद के कागजात नहीं दिखा सका। आरोपी ने बताया कि उसने जजी कालोनी में दोपहर रास्ता चलते एक युवती से इसे छीना है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ लूट का मामला दर्जकर जेल भेजा है। सीसीटीवी फुटेज आदि की जांच से आरोपी की शिनाख्त हुई है। यह शनिवार दोपहर पीड़िता से टैबलेट छीनकर फरार हुआ था। जो फुटेज में सफेद टी शर्ट व सफेद गमछा और बाइक नंबर मैच कर रहा है। इसके कागजात न मिलने पर बाइक को सीज कर दिया गया। साथ ही तलाशी में एक तमंचा बरामद हुआ है। आरोपी को लूट व आर्म्स एक्ट का मामला दर्ज कर जेल भेजा गया है।