Kanpur: थाने से भाग निकला आरोपी, होमगार्ड को धक्का देकर हुआ फरार, एसआई समेत तीन पुलिसकर्मी निलंबित
ग्वालटोली थाना पुलिस ने आरोपी को चोरी के मामले में सोमवार को गिरफ्तार किया था। उसने सुबह शौच के लिए जाने का बहाना बनाया और होमगार्ड को धक्का मारकर फरार हो गया। मामले में एसआई समेत तीन पुलिसकर्मी निलंबित कर दिए गए हैं।
विस्तार
कानपुर के ग्वालटोली थाने में पकड़कर लाया गया चोरी का आरोपी मंगलवार को पुलिस को गच्चा देकर थाने से भाग निकला। घटना की जानकारी पर अफसरों ने लापरवाही बरतने में एसआई समेत तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया।
ग्वालटोली पुलिस ने कुछ दिन पहले एक घर में हुई चोरी की रिपोर्ट दर्ज की थी। सीसीटीवी कैमरे में कैद हुए चोर की पहचान करके सोमवार को पुलिस ने इलाके में रहने वाले आरोपी रौनक कोरी को चोरी के माल समेत गिरफ्तार कर लिया था।
अगले दिन पुलिस उसे कोर्ट में पेश करने वाली थी। मंगलवार सुबह रौनक ने गार्ड ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड नवल किशोर से शौच के लिए जाने की इच्छा जताई। थाने में मौजूद एसआई अशोक कुमार की इजाजत मिलने के बाद होमगार्ड उसे लॉकअप से निकाल कर शौचालय की तरफ ले जाने लगा।
होमगार्ड को धक्का देकर हुआ फरार
इस बीच शातिर होमगार्ड को धक्का मारकर थाने से बाहर भाग निकला। गार्ड के शोर मचाने पर पुलिसकर्मी उसके पीछे भागे, लेकिन अभियुक्त पुलिस को चकमा देने में सफल रहा। पुलिस वालों जब तक कुछ समझते आरोपी ग्वालटोली सब्जी मंडी की तरफ जाने के बाद गली से लापता हो गया।
एसआई समेत तीन पुलिसकर्मी निलंबित
एसीपी कर्नलगंज अकमल खान ने बताया कि आरोपी की तलाश में टीम लगाई गई है। लापरवाही बरतने में अधिकारियों ने एसआई अशोक कुमार, हेड कांस्टेबल चंद्रशेखर व राजकुमार को निलंबित किया गया है। होमगार्ड के खिलाफ कमांडेंट ऑफिस में रिपोर्ट भेजी गई है।