UP: तेज प्रताप बोले- किसी दबाव में देना पड़ा होगा नीतीश को इस्तीफा, बिहार में चल रही उठापटक पर कही ये बात
Etawah News: बिहार में चल रही उठापटक पर राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के दामाद मैनपुरी के पूर्व सांसद तेज प्रताप ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि किसी दबाव में आकर नीतीश को इस्तीफा देना पड़ा है।
विस्तार
बिहार में चल रही सियासी उठापटक के बीच राजद सुप्रीमो लालू प्रयाद यादव के दामाद मैनपुरी से पूर्व सांसद तेज प्रताप यादव ने कहा कि किसी दबाव में आकर नीतीश को इस्तीफा देना पड़ा है। अभी कारण स्पष्ट नहीं हो सका है, लेकिन स्थितियों को देखकर अभी यही माना जा सकता है।
भरथना में सपा नेता के भतीजे के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त करके निकले मैनपुरी के पूर्व सांसद तेज प्रताप यादव ने पत्रकारों से वार्ता की। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय जनता दल और महागठबंधन के दलों ने पूरा प्रयास किया कि भाजपा से पूरी एकजुटता के साथ लड़े।
उसके बावजूद नीतीश कुमार ने इस तरह का फैसला लिया है, तो निश्चित उनके ऊपर कोई दबाब रहा होगा। अभी तक कोई ठोस कारण नीतीश महागठबंधन छोड़ने का नहीं बता सके हैं। कहा कि भाजपा दूसरी पार्टियों को तोड़कर सरकार बना रही है।
राजद ने युवाओं को नौकरियां दी हैं
इससे पहले महराष्ट्र में भी यही किया गया था। इसी तर्ज पर चलकर जेडीयू को अपने पाले में लिया। बिहार की जनता का पूरा समर्थन तेजस्वी व राजद के साथ है। राजद ने युवाओं को नौकरियां दी हैं। बिहार में इस बार सबसे ज्यादा सीट सबसे बड़ी पार्टी राष्ट्रीय जनता दल को मिलेंगी।