Kanpur: जल प्रदूषण को खत्म करने की तकनीक आएगी कानपुर, गंगा को गंदगी से बचाने के गुण सीखने नगर आयुक्त जर्मनी रवाना
गंगा को स्वच्छ बनाने के लिए जर्मनी की उन्नत तकनीक कानुपर आने वाली है। इसके लिए कानपुर नगर आयुक्त शिवशरणप्पा जीएन को आठ दिवसीय जर्मनी दौरे पर रवाना हो गए। यहां वो व्यापार मेले में भी शामिल होंगे।
विस्तार
गंगा को गंदगी से बचाने और कूड़ा प्रबंधन के बेहतर तरीकों को जानने के लिए शनिवार को नगर आयुक्त शिवशरणप्पा जीएन जर्मनी रवाना हो गए। वे जल प्रदूषण को खत्म करने के तरीके भी समझेंगे। आठ दिन जर्मनी में रहने वाले प्रतिनिधिमंडल में उन्हें शामिल किया गया है। वहां लगने वाले व्यापार मेले में भी शामिल होंगे।
मेले में जर्मनी की कूड़ा प्रबंधन की तकनीकों का प्रदर्शन होगा। इंडो-जर्मन संयुक्त को-ऑपरेशन के तहत जर्मनी और भारत दो परियोजनाओं के साथ समुद्री कचरे को समाप्त करने के लिए प्रयासरत हैं। इसके लिए देश में पायलट प्रोजेक्ट के रूप में कानपुर सहित तीन शहरों को चुना गया है।
इसका उद्देश्य है कि अप्रभावी कूड़ा प्रबंधन का पर्यावरण और जलवायु पर पड़ने वाले प्रभावों को समाप्त किया जाए। किसी भी तरह की गदंगी गंगा नदी और महासागरों तक न पहुंचे। गंगा को स्वच्छ करने के लिए जर्मनी के विशेषज्ञ और तकनीक की मदद ली जाएगी।
नगर आयुक्त ने बताया कि प्रदेश सहित देश जल प्रदूषण एक बड़ी समस्या है। जर्मनी में आयोजित मेले में दुनियाभर की कूड़ा प्रबंधन में सबसे बेस्ट तकनीक के बारे में बताया जाएगा। जल प्रदूषण को खत्म करने के सर्वोत्तम तरीकों को समझने का मौका मिलेगा। इन्हीं तकनीकों का उपयोग गंगा को स्वच्छ करने के लिए किया जाएगा।
बता दें कि जर्मनी की संस्था से पहले केंद्र सरकार द्वारा करार किया गया, फिर नगर निगम कानपुर से करार हुआ। इस आयोजन में नगर आयुक्त गंगा के घाटों को सुंदर बनाने, गंगा के पानी को प्रदूषणमुक्त बनाने समेत अन्य विषयों पर विस्तार से चर्चा करेंगे।