Kanpur: टैरिफ वार…शहर के निवेशकों को 2000 करोड़ का झटका, विशेषज्ञ बोले- आगामी दिनों में भी बनी रहेगी उथल-पुथल
Kanpur News: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की नई टैरिफ नीति और चीन की तीखी प्रतिक्रिया ने वैश्विक बाजारों में उथलपुथल मचा रखी है। इसके चलते शहर के निवेशकों को 2000 करोड़ का झटका लगा है।
विस्तार
कानपुर में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की नई टैरिफ नीति और चीन की तीखी प्रतिक्रिया ने वैश्विक बाजारों में उथलपुथल मचा दी है। इसका असर शहर के निवेशकों पर साफ देखा गया। सोमवार को भारतीय शेयर बाजार में आई जबरदस्त गिरावट से शहर के निवेशकों को अनुमानित 2000 करोड़ की चपत लगी है।
शेयर बाजार खुलने के 10 मिनट में शहर के निवेशकों को 2500 करोड़ रुपये का झटका लगा था। हालांकि बाद में सुधार होने पर घाटा कुछ कम हुआ। भारतीय शेयर बाजार में सोमवार को आई बड़ी गिरावट से शहर के निवेशकों को तगड़ा नुकसान हुआ है। केश्री ब्रोकिंग के को-फाउंडर राजीव सिंह ने बताया कि किसी को भी यह अंदाजा नहीं है कि ट्रंप की टैरिफ से पैदा हुई यह हलचल कैसा रूप लेगी।
आने वाले दिनों में भी बनी रहेगी उथल-पुथल
इस उथल-पुथल के दौर में वेट एंड वॉच सबसे अच्छी रणनीति होगी। शेयर बाजार में निवेशकों के बीच डर का संकेत देने वाले वोलैटिलिटी इंडेक्स (वीआईएक्स) में सोमवार को 65.70 प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई जो अब तक की सबसे बड़ी तेजी है। इशारा साफ है कि आने वाले दिनों में भी बाजार में उथल-पुथल बनी रहेगी।
क्रिप्टो करेंसी में भी बिकवाली
शेयर बाजार के लावा क्रिप्टो करेंसी में भी तेज गिरावट देखने को मिली। पिछले 24 घंटे में बिटकॉइन में करीब 7 प्रतिशत की गिरावट देखने को मिली। वहीं, एथेरियम करेंसी में 15 प्रतिशत से ज्यादा की गिरावट देखने को मिली है।
गिरावट के प्रमुख कारण
- चीन की जवाबी प्रतिक्रिया से टैरिफ-वार गहराने की आशंका।
- कमजोर मांग से वैश्विक मंदी का खतरा।
- बेरोजगारी और महंगाई में वृद्धि की आशंका।
- विदेशी संस्थागत निवेशकों की बिकवाली।