कानपुर में स्वाइन फ्लू की दस्तक: शहर में मिला एच1एन1 का पहला मरीज, अहिरवां निवासी युवक निजी अस्पताल में भर्ती
Kanpur News: अहिरवां निवासी 22 वर्षीय युवक में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है। मरीज को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि स्वास्थ्य विभाग इलाके में फॉगिंग कराने और परिजनों की स्क्रीनिंग में जुट गया है।
विस्तार
कानपुर में मंगलवार को स्वाइन फ्लू का पहला मरीज मिला। अहिरवां निवासी युवक कांशीराम अस्पताल में ओपीडी में बुखार का इलाज कराने पहुंचा था जहां डॉक्टरों ने स्वाइन फ्लू जैसे लक्षण देख जांच कराई। रिपोर्ट में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है। परिजन ने उसे एक निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया है। अहिरवां निवासी 22 वर्षीय युवक को चार दिन से बुखार आ रहा था।
बुखार न उतरने पर परिजन सात सितंबर को उसे कांशीराम अस्पताल की ओपीडी ले गए। प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. पियूष मिश्रा ने बताया कि मरीज में स्वाइन फ्लू (एच1एन1) जैसे लक्षण थे। इसलिए नमूना जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के माइक्रोबायोलॉजी विभाग में भेजा गया था। वहां से स्वाइन फ्लू होने की पुष्टि हुई। इस मरीज के संपर्क में रहे परिजनों सहित अन्य लोगों की भी स्वाइन फ्लू की जांच कराई जाएगी।
सभी की रिपोर्ट निगेटिव आई है
मरीज के घर और आसपास एंटी लार्वा के छिड़काव के साथ ही फॉगिंग कराई जाएगी। इससे पहले यहां के निजी अस्पतालों में स्वाइन फ्लू के दो मरीजों का इलाज हुआ जिनमें से एक की मृत्यु हो चुकी है। हालांकि ये दोनों मरीज दूसरे जिलों से इलाज कराने आए थे और उनकी जांच निजी पैथालॉजी में हुई थी। उधर, हैलट में स्वाइन फ्लू जैसे लक्षणों वाले चार अन्य मरीजों की स्वाइन फ्लू की जांच जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के माइक्रोबायोलॉजी विभाग में कराई गई, सभी की रिपोर्ट निगेटिव आई है।