Kanpur Dehat: सुधीर के पिता बोले- बेटे देश सेवा के लिए ही बने थे, सरकार सैनिक व उसके परिवार का रखे ख्याल
Kanpur Dehat News: शहीद सुधीर के पिता ने कहा कि सरकार को ऐसे कदम उठाने चाहिए, जिससे लोग पीछे न हटें। सरकार को सोचना चाहिए कि उनको सुविधाएं दें। वेलफेयर रखें, आदमी जो सरहद पर जा रहा है, उसके मन में यह ख्याल रहना चाहिए कि उसके पीछे उसके परिवार का ख्याल रखने वाले हैं।
विस्तार
कानपुर देहात में शहीद कोस्ट गार्ड पायलट सुधीर सिंह यादव का पार्थिव शरीर कानपुर के सेवन एयरफोर्स हॉस्पिटल से बुधवार सुबह 10:20 बजे पर पैतृक गांव हरिकिशनपुर पहुंचा। यहां शहीद को अंतिम श्रद्धांजलि देने के लिए आसपास क्षेत्र के लोग जुट गए।
जिलाधिकारी आलोक सिंह, पुलिस अधीक्षक बीबीजीटीएस मूर्ति, राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला, कैबिनेट मंत्री राकेश सचान, पूर्व एमएलएसी दिलीप सिंह सहित अन्य लोगों ने श्रद्धांजलि देकर परिजन को ढांढस बंधाया। सुधीर के पिता नवाब सिंह यादव ने कहा कि वह भी सेना में थे, बड़ा बेटा भी एयरफोर्स में।
सरकार शहीद के परिवार का रखे ख्याल
वह बने ही देश की सेवा के लिए हैं। सरकार को ऐसे कदम उठाने चाहिए, जिससे लोग पीछे न हटें। सरकार को सोचना चाहिए कि उनको सुविधाएं दें। वेलफेयर रखें, आदमी जो सरहद पर जा रहा है, उसके मन में यह ख्याल रहना चाहिए कि उसके पीछे उसके परिवार का ख्याल रखने वाले हैं।
खामी सुधार के प्रयास करने चाहिए
हेलीकॉप्टर से तीन क्रैश हो चुके हैं। इस तरह के हादसे होते रहते हैं, मगर सरकार 10 दिन तक रोकने के बाद दोबारा हेलीकॉप्टर उड़ाने के लिए ग्रीन कार्ड दे देती है। शार्ट टर्म से काम नहीं चलेगा। सरकार को खामी सुधार के प्रयास करने चाहिए।