Chitrakoot: अपहरण के बाद छात्र की हत्या, पत्थर से कूंचकर मारा...पहाड़ पर मिला शव, तीन बदमाशों को दबोचा
Chitrakoot News: रैपुरा थाना क्षेत्र में एक छात्र की पत्थर से कूंचकर हत्या कर दी गई। इसके बाद हत्यारोपी शव पहाड़ पर फेंक कर भाग निकले। पुलिस ने तीन हत्यारोपी बदमाशों को दबोचा है।
विस्तार
चित्रकूट जिले में रैपुरा थाना क्षेत्र के एक दुकानदार के पुत्र की बदमाशों ने 50 लाख फिरौती न मिलने पर हत्या कर दी। खोजबीन के बाद पुलिस ने देवांगना से सटे पहाड़ के पास से किशोर का शव बरामद किया। पुलिस ने तीनों हत्यारोपियों को गिरफ्तार किया है।
रैपुरा कस्बे में किराने की छोटी दुकान के संचालक राजधर कोरी का बेटा सुधांशु (16) कक्षा नौ का छात्र है। शनिवार की दोपहर वह घर से अचानक लापता हो गया था। सोमवार की दोपहर को उनके फोन पर अज्ञात नंबर से बदमाश ने फोन किया और बताया कि पुत्र का अपहरण किया गया है।
इन लोगों ने 50 लाख रुपये की फिरौती भी मांगी। दुकानदार ने बताया कि पहले उन्होंने इसे मजाक समझा और कहा कि इतना पैसा नकद नहीं है खाता नंबर बताओ तो उसके ट्रांसफर कर दें, तब बदमाशों ने कहा कि नहीं सिर्फ नकद रुपये चाहिए और शाम तक बड़ी पुलिया कर्वी पहुंचो, नहीं तो लड़के को मार देंगे।
पुलिस ने घेराबंदी की, लेकिन आरोपी भाग चुके थे
रैपुरा थाना प्रभारी शैलेंद्र पांडेय, कर्वी कोतवाल अजीत पांडेय समेत एसओजी टीम ने घेराबंदी कर सर्विलांस से लोकेशन जानने की कोशिश की। खोजबीन में देवांगना पहाड़ से सटे पहाड़ के पास पुलिस पहुंची तो कुछ बदमाशों के होने की आशंका पर घेराबंदी की, लेकिन आरोपी भाग चुके थे।
खंगाला जा रहा है पुराना रिकॉर्ड
पहाड़ के पास से सुधांशु का खून से लथपथ शव मिला। पत्थर से कूंचकर उसकी हत्या की गई थी। मामले की जानकारी होते ही पुलिस अधीक्षक अरुण सिंह, अपर एसपी चक्रपाणि त्रिपाठी व सीओ सिटी हर्ष पांंडेय घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मामले में रैपुरा गांव के बदमाश आलोक पटेल व बहिलपुरवा क्षेत्र के विनय पटेल और प्रिंस पटेल को पकड़ लिया है। इनके पुराने रिकॉर्ड को खंगाला जा रहा है।