एसएसबी जवान ने की मंगेतर की हत्या: जंगल में गड्ढे से बरामद हुआ शव, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
इटावा जिले में एसएसबी जवान ने मंगेतर की गला दबाकर हत्या कर दी थी। पुलिस ने जवान की निशानदेही पर लॉयन सफारी के पास जंगल में गड्ढे से शव बरामद किया। बताया जा रहा है कि जवान दूसरी जगह शादी करना चाहता था और मंगेतर के इनकार पर वारदात को अंजाम दिया।
विस्तार
उत्तर प्रदेश के इटावा जिले में दूसरी जगह शादी करने की चाहत में सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के जवान ने गला दबा कर मंगेतर की हत्या कर दी। लॉयन सफारी के पास जंगल में शव को गड्ढे में डालकर टहनियों और पत्तों से ढक दिया। पुलिस ने जब तहकीकात की तो मंगेतर की करतूत सामने आ गई। पुलिस ने जवान को गिरफ्तार कर लिया है।
वैदपुरा थानाक्षेत्र के रायनगर गांव के लल्ला सिंह जाटव बरेली एसएसपी कार्यालय में हेड कांस्टेबल पद पर तैनात हैं। इन्होंने बड़ी बेटी अर्चना (26) की शादी जसवंतनगर के नगला अर्जुन गांव निवासी नीलेश कुमार जाटव से तय की थी। छह जुलाई को शादी होनी थी। नीलेश एसएसबी का जवान है और अरुणाचल प्रदेश में तैनात है।
सोमवार दोपहर करीब 12 बजे नीलेश ने फोन करके अर्चना को मिलने के बुलाया था। दोनों पुलिस लाइन के पीछे मिले और उसके बाद लॉयन सफारी घूमने चले गए। वहां से निकलने के बाद नीलेश अर्चना को लॉयन सफारी के पास जंगलों में बने एक सुनसान टीले पर ले गया। यहां उसने शादी करने से मना कर दिया।
इस पर अर्चना ने पुलिस से शिकायत करने की बात कही तो नीलेश ने उसकी गला दबाकर हत्या कर दी। शव को गड्ढे में डालकर टहनियों और पत्तों से ढक दिया। शाम तक अर्चना घर नहीं पहुंची तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। रात करीब आठ बजे परिजन सिविल लाइन थाने पहुंचे और पुलिस को मामले की जानकारी दी।
पुलिस ने युवती के नंबर पर कॉल की तो फोन बंद था। पुलिस ने मंगेतर को बुला कर पूछताछ की तो उसने गुनाह कबूल लिया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर शव को बरामद कर लिया। पिता की तहरीर पर नीलेश पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम कराया गया।
एसपी सिटी कपिल देव सिंह ने बताया कि नीलेश ने पूछताछ में बताया है कि वह दूसरी जगह शादी करना चाहता था। उसने जब शादी करने से मना किया तो अर्चना पुलिस से शिकायत की बात कहने लगी। बात बनती न देख उसने अर्चना की हत्या कर दी।