Banda: दामाद ने ससुर को लात-घूंसों से पीटा…मौत, पत्नी को साथ ले जाने की बात पर हुआ था विवाद, रिपोर्ट दर्ज
Banda News: मृतक की पत्नी ने बताया कि दामाद शैलेंद्र उसकी बेटी को अपने साथ नहीं ले जा रहे थे। उनकी बेटी संगम तीन साल से मायके में रह रही थी। संगम से छोटी पूनम की शादी में दामाद घर आए थे।
विस्तार
बांदा जिले में बेटी को अपने साथ न ले जाने को लेकर हुए विवाद में दामाद ने ससुर की लात-घूंसों से पिटाई कर दी। इससे ससुर की हालत बिगड़ गई। परिजनों ने उसे जिला अस्पताल में दिखाया। यहां डॉक्टरों ने देर रात मृत घोषित कर दिया। सास ने आरोपी दामाद के खिलाफ थाने में गैर इरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
बिसंडा थाना क्षेत्र के बरौली गांव निवासी सिधुवा कोटार्य (50) का उसके बड़े दामाद अधरौरी गांव निवासी शैलेंद्र कोटार्य से रविवार की रात आठ बजे करीब विवाद हो गया। विवाद के चलते दामाद ने अपने ससुर को लात-घूंसों से पीट दिया। बचाने आई साली पूनम और पत्नी संगम के साथ भी मारपीट की। मारपीट से सिधुवा कोटार्य की हालत बिगड़ गई।
तीन साल से मायके में रह रही थी पत्नी
परिजन उसे लेकर बिसंडा पीएचसी पहुंचे। वहां से डॉक्टरों ने उसे बांदा जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। यहां देर रात डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सिधुवा की पत्नी विनीता ने बताया कि दामाद शैलेंद्र उसकी बेटी को अपने साथ नहीं ले जा रहे थे। उनकी बेटी संगम तीन साल से मायके में रह रही थी। संगम से छोटी पूनम की शादी में दामाद घर आए थे।
गैर इरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज
एक-दो दिन बाद उन्हें राजस्थान जाना था। संगम को साथ में ले जाने की बात कही, तो उन्होंने मना कर दिया, कहा कि तीन महीने और अपने पास रखो। इसी में बात बढ़ गई और दामाद ने सिधुवा के साथ मारपीट कर दी। मारपीट से सिधुवा की मौत हुई है। पत्नी विनीता की तहरीर पर आरोपी दामाद के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है।