राष्ट्रपति के गांव परौंख में शुरू हुई स्मार्ट क्लास, बच्चों को दिए गए ’स्पेशल बैग’
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के गांव परौंख (कानपुर देहात) के उच्च प्राथमिक विद्यालय में मंगलवार को स्मार्ट क्लास की शुरुआत हो गई। डीएम ने बच्चों को आईआईटी के सहयोग से बनाए गए विशेष बैग भी वितरित किए। वहीं, विज्ञान लैब का भी उद्घाटन किया।
कानपुर देहात डेरापुर ब्लाक का परौंख राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का पैतृक गांव है। उनके राष्ट्रपति बनने के बाद यूनीसेड (यूनिट आफ साइंस एंड एजूकेशनल डेवलपमेंट) संस्था ने आईआईटी के सहयोग से गांव के परिषदीय स्कूलों में बेहतर शिक्षा देने के प्रयास शुरु किए थे। गांव के उच्च प्राथमिक विद्यालय में स्मार्ट क्लासें शुरु करने की व्यवस्था की पहल शुरु की थी। जिसे पूरा कर लिया गया। मंगलवार को डीएम राकेश कुमार सिंह ने स्कूल में पहुंच कर स्मार्ट कक्षाओं व लैब का शुभारंभ किया।
ऑडियो-वीडियो के रूप में होंगे पाठ्यक्रम
स्मार्ट कक्षाएं संचालित करने के लिए सौर ऊर्जा के छोटे पैनल, बैटरी, इनर्वटर व प्रोजेक्टर लगाया गया है। जिससे ऑडियो व वीडियो कंटेन्ट के द्वारा बच्चों के पाठ्यक्रम को प्रभावशाली ढंग से पढ़ाया जाएगा।