कानपुर। कर्नलगंज गारमेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन का व्यापारी संवाद व समागम गुरुवार को कर्नलगंज स्थित एसोसिएशन के सभागार में हुआ। इसमें ऑनलाइन कंपनियों के कारण रेडीमेड कपड़ों के कारोबार पर पड़ रहे प्रभाव पर चर्चा की गई। तय किया गया कि ऑनलाइन कंपनियों से प्रतिस्पर्धा करने के लिए उन्हीं की तर्ज पर काम किया जाए। 30-40 मैन्यूफैक्चचर व्हाटसएप पर ग्रुप बनाकर प्रचार-प्रसार सोशल मीडिया पर करें। दामों में भी प्रतिस्पर्धा करें। होलसेल के बजाय मैन्यूफैक्चरिंग स्तर के दामों पर उत्पादों की बिक्री करें।
भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश वरिष्ठ महामंत्री ज्ञानेश मिश्र ने कहा कि रेडीमेड व अन्य कारोबार को ऑनलाइन कंपनियों से मुकाबला करने के लिए ऑनलाइन व्यापार ही करना होगा। व्यापार मंडल के महानगर अध्यक्ष सरदार गुरुजिंदर सिंह ने कहा कि ऑनलाइन कंपनियों के कारण घटते व्यापार को बचाने के लिए कारोबारी एक ग्रुप बनाकर और एक साथ होकर ऑनलाइन व्यापार करें। सरकार की योजनाओं का लाभ उठाकर अपने उद्योग व व्यापार को बढ़ाएं। एसोसिएशन के महामंत्री अब्दुल शफीक ने कहा कि मैन्यूफैक्चरर, होलसेलर और ट्रेडर्स को एक प्लेटफार्म पर आना होगा। प्रतिस्पर्धा करके कारोबार को बचाया जाएगा। ग्रुप बनने से अलग-अलग डिजाइन, कपड़े, ब्रांड की जानकारी हो सकेगी। कहा कि इस चर्चा को जल्द से जल्द अमल में लाया जाएगा। इस मौके पर हबीबुर्ररहमान, मोहम्मद नफीस अहमद, मोहम्मद शाहिद, महेश सोनी, विजय गुप्ता, चंद्राकर दीक्षित, आशीष मिश्र, राजेश आहूजा, अब्दुल वहीद, संजय मिश्र, इफ़्तीखार अहमद, मनीष वंसदानी, सत्यनारायण खन्ना, सुरेंद्र जायसवाल आदि थे।