सीसामऊ उपचुनाव: मुस्लिम क्षेत्रों में पिछली बार से कम पड़े 23000 वोट, हिंदू बहुल क्षेत्रों में बढ़े 15000 वोट
Kanpur News: सीसामऊ उपचुनाव में सभी 275 बूथों पर पड़े मतदान का फाइनल आंकड़ा गुरुवार को जिला निर्वाचन अधिकारी ने जारी कर दिया है। एमपीएस ऐप और बीएलओ की ऑफलाइन रिपोर्ट से मिलान कर जो फाइनल रिपोर्ट चुनाव आयोग को भेजी गई, उसमें मतदान प्रतिशत .07 फीसदी घटकर 49.06 फीसदी रहा।
विस्तार
कानपुर में सीसामऊ उपचुनाव को लेकर गुरुवार को पूरे दिन राजनीतिक दलों की ओर से मतदान प्रतिशत और बूथवार वोटों की गिनती को लेकर माथापच्ची जारी रही। मतदान को लेकर हिंदू और मुस्लिम क्षेत्रवार पड़े हुए मतों का जो आंकड़ा सामने आया है, उसके अनुसार मुस्लिम क्षेत्रों में 2022 के विधानसभा चुनाव के सापेक्ष इस बार 23 हजार वोट कम पड़ा है। इसके साथ ही लोकसभा चुनाव की अपेक्षा भी इस बार सात हजार वोट कम पड़ा है।
सपा और कांग्रेस इस बार मिलकर चुनाव लड़ रहे हैं। ऐसे में इन क्षेत्रों में अभी तक जितने भी वोट डाले गए हैं, वह सपा के खाते में गए होंगे ऐसा माना जा रहा है। हिंदू क्षेत्रों में इस बार बीते लोकसभा चुनाव में पड़े वोटों से करीब 15 हजार वोट अधिक पड़े हैं। मुस्लिम क्षेत्र के कुल 91 बूथ जिसमें कुछ मिले-जुले क्षेत्र भी आते हैं, वहां पर 2024 के लोकसभा चुनाव में कुल 52,934 वोट पड़े थे। विधानसभा उपचुनाव में इन बूथों पर पड़े कुल वोटों की संख्या 45,020 है।
पूरे विधानसभा क्षेत्र की बात की जाए तो लोकसभा चुनाव में सपा भाजपा से करीब 26 हजार वोट से आगे रही है। दूसरा आंकड़ा यह है कि 2022 के विधानसभा चुनाव में कुल मतदान 57.15 प्रतिशत था, जबकि इस बार 49.06 प्रतिशत है। इस हिसाब से पिछले विधानसभा में करीब 1 लाख 56 हजार और इस बार करीब 1 लाख 33 हजार वोट पड़े हैं। कम वोटों का नुकसान किस पार्टी के खाते में गया होगा, यह तो पूरी तरह से अभी कह पाना मुश्किल है।
कई क्षेत्र हैं, जहां अच्छी वोटिंग हुई है
इतना तय है कि जीत-हार का आंकड़ा हिंदू क्षेत्र में पड़े वोटों से ही निकलकर आएगा। वह चाहे बस्तियों का वोट हो या फिर दूसरे समाजों का। मुस्लिम क्षेत्रों के सबसे बड़े मतदान केंद्र राजकीय इंटर कॉलेज में इस बार 15 प्रतिशत मतदान कम हुआ है, इस वजह से भाजपा जीत के प्रति आश्वस्त दिख रही है, जबकि सपा को यह भरोसा है कि पूर्व में जिन बस्तियों से उसे वोट मिलता रहा है, इस बार भी उसी तरह से लोगों ने वोट किया है। हिंदू क्षेत्रों के ऐसे आर्यनगर, चुन्नीगंज, आचार्यनगर सहित ऐसे कई क्षेत्र हैं, जहां पर अच्छी वोटिंग हुई है।
मतदान का अंतिम आकंडा आया, 49.06 फीसदी वोटिंग
सीसामऊ उपचुनाव में सभी 275 बूथों पर पड़े मतदान का फाइनल आंकड़ा गुरुवार को जिला निर्वाचन अधिकारी ने जारी कर दिया है। बुधवार के दिन एमपीएस ऐप पर हर दो घंटे में बूथों से फीड किए गए मतदान संख्या का आंकड़ा 49.13 फीसदी था। गुरुवार को एमपीएस ऐप और बीएलओ की ऑफलाइन रिपोर्ट से मिलान कर जो फाइनल रिपोर्ट चुनाव आयोग को भेजी गई, उसमें मतदान प्रतिशत .07 फीसदी घटकर 49.06 फीसदी रहा।
किसी भी बूथ में 30 फीसदी से कम मतदान नहीं
यानी सीसामऊ विधानसभा के 2,71,042 मतदाताओं में से 1,32,975 ने मतदान किया। 1,38,067 मतदाता मतदान करने गए ही नहीं। सीसामऊ उपचुनाव में रेलवे ऑडीटोरियम अनवरगंज के बूथ संख्या एक में कुल 851 मतदाताओं में से 116 ने ही मतदान किया। यानी 735 मतदाता मतदान करने ही नहीं पहुंचे। इस कारण मतदान प्रतिशत 13.63 फीसदी ही रहा। यह सबसे कम मतदान वाला बूथ रहा। रिपोर्ट के अनुसार किसी भी बूथ में 30 फीसदी से कम मतदान नहीं हुआ।