Kanpur: दो साल से अटका सिग्नेचर सिटी बस अड्डा अचानक चालू, बगैर पूर्व सूचना बिधूना के लिए चलाईं 17 बसें
Kanpur News: आचार संहिता लागू होने से पहले कई योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास हुआ है। इस बीच दो साल से अटका सिग्नेचर सिटी बस अड्डा अचानक चालू कर दिया गया। बगैर पूर्व सूचना बिधूना के लिए 17 बसें चलाईं गईं। हालांकि, बस अड्डे से एक भी यात्री नहीं मिला।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कानपुर में चार साल पहले बनकर तैयार हो चुका सिग्नेचर सिटी बस अड्डा जिस उद्घाटन कार्यक्रम के इंतजार में दो साल से अटका था, उस कार्यक्रम के बगैर ही शुक्रवार को अचानक चालू कर दिया गया। शनिवार को आचार संहिता लागू होने से ठीक एक दिन पहले इसका लोकार्पण किया गया, जबकि दो साल पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लखनऊ से इसका ऑनलाइन उद्घाटन कर चुके थे।
पहले दिन बिधूना के लिए 17 बसें भेजी गईं, लेकिन कोई सूचना न होने की वजह से बस अड्डे से एक भी यात्री नहीं मिला। इसके अलावा शनिवार को ही 25 करोड़ से ज्यादा के विकास कार्यों का शिलान्यास, लोकार्पण हुआ। सीनियर सिटीजन को डे-केयर सेंटर की सौगात भी मिली। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की ओर से चार साल पहले विकास नगर में सिग्नेचर सिटी बस अड्डे का निर्माण कराया गया था।
करीब दो साल पहले मुख्यमंत्री ने उद्घाटन किया, लेकिन परिवहन मंत्री से बस अड्डे को हरी झंडी दिखाने की बात फाइनल हुई। इस उद्घाटन कार्यक्रम की कई बार रूपरेखा तैयार हुई, लेकिन किसी न किसी कारण से बात पक्की नहीं हो सकी। बस अड्डे से लखनऊ, फर्रुखाबाद, कन्नौज, बिधूना के लिए रोडवेज की बसें चलाने का प्लान बनाया गया। इससे न सिर्फ झकरकटी बस अड्डे पर बसों का भार कम होता, बल्कि लखनऊ के लिए वाया जाजमऊ की जगह गंगा बैराज वाला रूट निर्धारित रहता।
खाका खींचा गया, लेकिन मुख्य अतिथि नहीं मिले
इस रूट से लखनऊ का सफर करीब आधे घंटे कम होता है। सिग्नेचर सिटी बस अड्डे को सैटेलाइट बस अड्डे के रूप में विकसित किया गया है। यहां से फर्रुखाबाद, कन्नौज के लिए जाने वाले यात्रियों को सहूलियतें मिलतीं। साल 2024 की शुरुआत में एक बार फिर बस अड्डे को संचालित करने का खाका खींचा गया, लेकिन मुख्य अतिथि नहीं मिले। फिर मार्च में बसों को संचालित करने की योजना बनी।
आचार संहिता लागू होने से एक दिन पर कर दिया चालू
इसमें सांसदों और विधायकों को शामिल कराकर भव्य आयोजन की रूपरेखा तैयार की गई, लेकिन कोई सकारात्मक नतीजा नहीं निकला। शुक्रवार को लगभग तय हो गया था कि शनिवार को चुनावी कार्यक्रम घोषित हो जाएगा और इसके साथ ही आचार संहिता लागू हो जाएगी। इसके चलते एक दिन पहले ही इसे चालू कर दिया गया। बसें सुबह साढ़े पांच बजे से शाम साढ़े सात बजे तक चलेंगी।
होली से लखनऊ के लिए होंगी संचालित
होली में यात्रियों की भीडृ को देखते हुए सिग्नेचर सिटी बस अड्डे से लखनऊ के लिए बसें संचालित की जाएंगी। यह वाया गंगा बैराज होकर जाएंगी। झकरकटी बस अड्डे को सिग्नेचर सिटी से जोड़ने के लिए चार ई-बसों की सुविधा शुरू की जा रही है। ये बसें रविवार से संचालित हो रही हैं।
यात्रियों की सुविधा के लिए सिग्नेचर सिटी बस अड्डे से बसों का संचालन शुरू कर दिया गया है। पहले चरण में बिधूना के लिए 17 बसें चलाई जा रही हैं, जबकि होली के आसपास लखनऊ के लिए बसें चलाई जाएंगी। अभी किसी तरह का कोई उद्घाटन नहीं हुआ है। -अनिल कुमार, आरएम रोडवेज