आजम का नाम लेने पर ही स्नान करना पड़ता हैः शिवराज सिंह चौहान
यूपी में गुंडों का आतंक है
अकबरपुर-रनियां विधानसभा सीट की भाजपा प्रत्याशी प्रतिभा शुक्ला के समर्थन में हुई जनसभा में सीएम शिवराज सिंह चौहान ने 35 मिनट के भाषण में सपा और कांग्रेस को कठघरे में खड़ा करते कहा कि यूपी में सपा सरकार बनने के बाद यहां गुंडों का आतंक है, आम आदमी मारा जा रहा है। लोगों की तरक्की के लिए मध्य प्रदेश सरकार ने योजनाओं की झड़ी लगा दी है। आज यहां बहन बेटियों की शादी, किसानाें के कर्ज के लिए विशेष योजनाएं चलाई जा रही हैं। आईआईएम, आईआईटी, एमबीबीएस में पढ़ाई के लिए मेधावी बच्चों को पैसा मामा दे रहा है। कांग्रेस की सरकार में मनमोहन सिंह के मंत्रियों ने खूब घोटाले किए अब मोदी सरकार से सब घबरा गए हैं।
गरीबों को मुफ्त जमीन दी जाएगी
चौहान ने कहा कि यूपी में भाजपा सरकार बनने पर गरीबों को मुफ्त जमीन दी जाएगी, बिन ब्याज के किसानों को ऋण दिया जाएगा। कभी मध्य प्रदेश आकर देखो किसानों ने किस तरह से तरक्की का डंका बजा रखा है, यहां का किसान दर-दर की ठोकरें खा रहा है। इस दौरान मध्य प्रदेश के कैबिनेट मंत्री नरोत्तम मिश्रा, सांसद देवेंद्र सिंह भोले सिंह, पूर्व सांसद अनिल शुक्ल वारसी, गुजरात के विधायक जगरूप सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष मदन पांडेय, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष सूर्यपाल सिंह यादव, रवि शुक्ला, अविनाश सिंह, श्यामू शुक्ला, मीडिया प्रभारी विकास मिश्रा, गौरव त्रिपाठी, अर्पित द्विवेदी आदि रहे।