UP: शिवपाल यादव ने भाजपा पर जमकर बोला हमला, कहा- महाकुंभ में मरने वालों की संख्या छिपा ही सरकार
Etawah News: पीडीए कार्यक्रम के अंतर्गत इमामबाड़े में सपा के राष्ट्रीय महासचिव ने भाजपा पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रदेश में नौकरशाह कमाने में लगे हुए हैं और जनता की किसी को भी कोई चिंता नहीं है। विधायक व मंत्रियों की भी सुनवाई नहीं हो रही है।
विस्तार
सपा महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने प्रदेश सरकार को पूरी तरह विफल बताया। कहा कि महाकुंभ में कितने लोगों की जान गई यह सरकार बताना ही नहीं चाहती है। यह बातें उन्होंने पीडीए पखवाड़े के तहत कस्बे के मोहल्ला कटरा बुलाकी दास स्थित इमाम बाड़े में एक चर्चा के दौरान मंगलवार को कही। उन्होंने सरकार पर महंगाई, बेरोजगारी और कानून व्यवस्था को लेकर गंभीर आरोप लगाए।
कहा कि प्रदेश में नौकरशाह कमाने में लगे हुए हैं और जनता की किसी को भी कोई चिंता नहीं है। विधायक व मंत्रियों की भी सुनवाई नहीं हो रही है। उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाया कि कुंभ के मेले में कितने लोग स्नान कर रहे हैं। इसकी गिनती तो उनके पास है, लेकिन उसमें हजारों लोग मरे हैं इसकी भी गिनती बताना नहीं चाहते हैं।
अखिलेश यादव पर की गई टिप्पणी पर कटाक्ष किया
इकदिल में उपमुख्यमंत्री केशव मौर्य की ओर से अखिलेश यादव पर की गई टिप्पणी पर कटाक्ष किया। कहा कि उन्होंने अखिलेश के लिए कहा था कि उनका दिमागी संतुलन बिगड़ गया है, लेकिन वास्तविकता तो यह है कि केशव मौर्या का खुद का दिमागी संतुलन ठीक नहीं है। स्वास्थ्य मंत्री की भी कोई बात नहीं मानी जा रही है। इसके चलते प्रदेश के सभी मंत्री परेशान हैं।
2027 तैयारी करने को कहा
उन्होंने 2027 तैयारी करने को कहा। विधायक प्रतिनिधि अनुज मोंटी यादव ने भी अपने विचार रखते हुए कहा कि क्षेत्र के कई गांव का दौरा किया है वहां उन्हें भारी जन समर्थन मिल रहा है। जिलाध्यक्ष प्रदीप शाक्य, नगर अध्यक्ष राहुल गुप्ता, वीरू भदौरिया, अनिल प्रताप सिंह, उदयभान सिंह, ने भी अपने अपने विचार रखे। संचालन विधानसभा अध्यक्ष रामनरेश यादव ने किया।