Kanpur: लक्ष्मीपुरवा में फिर सीवर लाइन चोक, घरों में भरने लगा पानी, लोग कमरे से पानी उलीचने को मजबूर
लक्ष्मीपुरवा में सीवर लाइन चोक होने और सड़क ऊंची होने से घरों में पानी भरने की समस्या हो गई। लोग घरों से पानी उलीचने को मजबूर हो गए हैं। लोगों का कहना है कि नाला और सीवर लाइन चोक होने से गंदा पानी सड़कों, गलियों में भर जाता है। घर से निकलना भी मुश्किल हो जाता है।
विस्तार
कानपुर के लक्ष्मीपुरवा में नाला और सीवर लाइन चोक होने से गंदा पानी घरों में भरने लगा है। लोग कमरों से गंदा पानी उलीचने के लिए मजबूर हैं। चार महीने पहले अफीमकोठी में डॉट नाला धंसने से लक्ष्मीपुरवा खलवा की सड़कों से लेकर तमाम घरों में गंदा पानी भर गया था।
बरसात के मौसम में तमाम लोग छतों में बरसाती बांधकर रहने के लिए मजबूर हो गए थे। दो महीने पहले डॉट नाले की मरम्मत होने से समस्या से निजात मिली थी। 15 दिन से इस बस्ती का नाला और सीवर लाइन चोक होने लगी। इससे घरों में गंदा भरने लगा।
दरअसल, लक्ष्मीपुरवा खलवा में लोग तलैया को पाटते हुए लगातार मकान बनाते जा रहे हैं। इस बस्ती में कुछ भूमाफिया भी सक्रिय हैं, जो धड़ल्ले से अवैध निर्माण करा रहे हैं। शनिवार को भी वहां करीब साढ़े सात सौ वर्गमीटर जमीन पर तीन अवैध निर्माण होते नजर आए।
अवैध निर्माणों और गंदगी की वजह से गंदे पानी की निकासी प्रभावित होती जा रही है। इतना ही नहीं खलवा में लोगों ने पहले घर बना लिए, पर बाद में वहां सीवर लाइन बिछाकर और नाला बनाकर ऊंचाई में सड़क बना दी। इसकी वजह से 150 से ज्यादा मकान सड़क से पांच से आठ फीट गहरे हो गए हैं।
वहीं, सफाई न होने के कारण बस्ती के नाले और सीवर लाइन चोक हो गईं, जिनसे गंदा पानी सड़क से बहते हुए घरों में घुस रहा है। लोगों का कहना है कि घर में गंदा पानी भरने से स्थिति नरकीय हो गई है। अफसर बस्ती में झांकने तक नहीं आते हैं।