Nageshwar Baba: बड़ा अनोखा है भगवान शिव का ये मंदिर, अलग-अलग रूप में किया जा रहा है शृंगार, जानिए खास महत्व
Sawan 2023: नागेश्वर बाबा मंदिर में भक्तों को प्रतिदिन नए-नए रूप से दर्शन हो रहे हं। पहले सोमवार को खाटू श्याम और महाकाल के रूप में दर्शन दिए हैं।
विस्तार
कानपुर में सावन के पहले दिन नयागंज स्थित नागेश्वर मंदिर में सुबह नागेश्वर बाबा ने खाटू श्याम और शाम को महाकाल रूप में दर्शन दिए। ऐसा पहली बार हो रहा है कि बाबा नागेश्वर को रोज अलग-अलग रूप में सजाया जा रहा है। इसको देखने भक्तों की भारी भीड़ पहुंच रही है।
बाबा का आशीर्वाद प्राप्त करने के लिए सुबह पांच बजे से भक्तों की कतार लग गई। महंत प्रकाशानंद गिरि महाराज ने बताया कि प्रतिदिन नागेश्वर बाबा को नए रूप में तैयार किया जा रहा है। इसमें मेवा, फल, मिठाई, फूल और पत्थरों से बाबा को कभी महाकाल, कभी बाबा बफार्नी, कभी अर्धनारीश्वर समेत अन्य रूप दिया जाएगा।
ऐसा शहर में किसी अन्य मंदिर में नहीं होगा। बता दें कि नागेश्वर बाबा मंदिर भारत के प्राचीन, ऐतिहासिक, चमत्कारिक और रहस्यमयी मंदिरों में से एक है। इनके दर्शन मात्र से जीवन के ढेरों कष्ट दूर हो जाते हैं। साथ ही इस मंदिर में सैकड़ों वर्ष पुराना एक तालाब भी है।
जलाभिषेक शाम चार से छह बजे तक
सावन में सामान्य दिनों में सुबह 5 बजे मंगला आरती व भोग, दोपहर 12 बजे से भोग व आरती होगी। शाम 4 से 6 बजे तक जलाभिषेक किया जाएगा। 6 बजे बाबा के शृंगार के लिए मंदिर के पट बंद किए जाएंगे। शृंगार के बाद रात 8 से 12 बजे तक दर्शनों के लिए पट खोले जाते हैं।
सोमवार को तड़के तीन बजे से दर्शन
सावन के सोमवार को नागेश्वर मंदिर के पट भोर 3 बजे से खुल जाएंगे। शाम 7 बजे बाबा के शृंगार के समय पट बंद किए जाएंगे।
रुद्राभिषेक व शृंगार के लिए करें संपर्क
नागेश्वर बाबा मंदिर में रुद्राभिषेक व शृंगार के लिए भक्तगण मंदिर के महंत प्रकाशानंद गिरि महाराज से 9839442720 पर संपर्क कर सकते हैं।