Satta Ka Sangram: फर्रुखाबाद में चाय पर चुनावी चर्चा, लोगों ने रोजगार-लिंक एक्सप्रेसवे जैसे मुद्दों पर रखी राय
Farrukhabad News: अमर उजाला का चुनावी रथ 'सत्ता का संग्राम' बुधवार को फर्रुखाबाद पहुंचा है। इस बार लोकसभा चुनाव में जिले के मतदाताओं के क्या मुद्दे और उम्मीदें हैं। यह जानने के लिए अमर उजाला टीम ने यहां के लोगों से चाय पर चुनावी चर्चा की।
विस्तार
फर्रुखाबाद जिले के मतदाता और खासकर युवा सरकार और अपने लोकसभा क्षेत्र के उम्मीदवारों के बारे में क्या सोचते हैं, उनके क्या मुद्दे और आकांक्षाएं हैं। मतदाताओं के मुद्दों पर नेताओं और उम्मीदवारों का क्या कहना है। वे किन मुद्दों को लेकर चुनाव में उतरे हैं?
इन सभी सवालों के जवाब जानने के लिए अमर उजाला का चुनावी रथ 'सत्ता का संग्राम' बुधवार को फर्रुखाबाद जिले में पहुंचा। सुबह चाय पर चर्चा के साथ इसकी शुरुआत हुई। रोडवेज बस अड्डा पर चाय पर चर्चा के दौरान मतदाताओं ने लोकसभा चुनाव को लेकर अपनी राय पूरी बेबाकी से रखी।
शिवम त्रिपाठी ने कहा कि जिले को दो लिंक एक्सप्रेसवे से जोड़ा जाएगा। सभी गांवों को संपर्क मार्गों से जोड़ा गया है। सरकार अच्छा काम कर रही है। संतोष वर्मा ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था अच्छी है। जनप्रतिनिधियों की वजह से लिंक एक्सप्रेसवे जिले से निकल गया, लेकिन योगी जी ने जिले को इसकी सौगात देने की पहल की है।
सरकार को रोजगार के लिए काम करना चाहिए
एक युवक ने कहा कि गरीब व्यक्ति दो वक्त की रोजी-रोटी कमाने के लिए ठेला लगाता है। वहीं, पुलिस वाले ऐसे ही लोगों पर रौब गांठते हुए परेशान करते हैं। इस सरकार में काफी भेदभाव है। हालांकि, ऐसा नहीं है कि सरकार पूरी तरह भेदभाव नहीं करेगी। जिला रोजगार के मामले में पीछे है। सरकार को इसके लिए काम करना चाहिए।
धरातल पर नहीं दिख रहा विकास
राहुल अग्निहोत्री ने कहा कि परिवहन के क्षेत्र में काम चल रहा है। बसों और ट्रेनों की व्यवस्था ठीक नहीं है। सड़कें भी जर्जर हैं। जिले में कोई मेडिकल कॉलेज नहीं है। हालांकि, योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है। रोजगार की स्थिति भी ठीक नहीं है। सरकार को इन मुद्दों पर ध्यान देना चाहिए।
कब और कहां होंगे कार्यक्रम?
दोपहर 12 बजे
युवाओं से बात
स्थान: डीएन कॉलेज
शाम चार बजे
राजनीतिक दलों से चर्चा
स्थान: स्वराज कुटीर, फर्रुखाबाद