बेरहम भाई: बहन को गला दबाकर मारा, बोला- बहनोई के साथ न रहकर...दूसरे के साथ रह रही थी, जानें पूरा मामला
Auraiya News: बिधूना कोतवाली क्षेत्र में एक भाई ने बहन की हत्या कर दी। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि बहन शादी के बाद बहनोई के साथ न रहकर दूसरे के साथ रह रही थी।
विस्तार
औरैया जिले के बिधूना कोतवाली क्षेत्र बड़े का पुर्वा में एक युवक ने अपनी सगी बहन को मौत के घाट उतार दिया। पुलिस को युवक ने बहन के आत्महत्या कर लेने की झूठी सूचना दी। पुलिस जांच पड़ताल में हकीकत सामने आई। पूछताछ में युवक ने बहन की हत्या करने की बात भी कबूल कर ली।
बड़े का पुर्वा निवासी गौरव ने पुलिस को गुरुवार सुबह सूचना दी कि उसकी बहन पारुल ने रस्सी से गला कस आत्महत्या कर ली है। मामले में पुलिस जांच हुई तो हत्या का मामला स्पष्ट हुआ। पुलिस की पूछताछ में गौरव ने कबूला कि उसने ही बहन पारुल की हत्या की है।
बहन शादी के बाद बहनोई के साथ न रहकर दूसरे के साथ रह रही थी। मायके आने पर भाई बहन को उसके ससुराल में रहने को लेकर लगातार कह रहा था। इसके चलते गुरुवार को विवाद हुआ। गौरव ने बताया कि सामाजिक हानि के चलते उसने बहन को मार दिया।
तहरीर के आधार पर होगी अग्रिम कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक चारू निगम ने बताया कि भाई गौरव ने बहन पारुल की गला दबाकर हत्या की है। आरोपी पुलिस हिरासत में है, जिससे पूछताछ की जा रही है। महिला के पति से तहरीर मांगी गई है, जिसके आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।